पटना: बिहार की सियासत में तेजी से बदलते घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक खास रही। जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा (Sanjay Kumar Jha) ने बताया कि यह बैठक मौजूदा मुख्यमंत्री के तौर पर नीतीश कुमार की आखिरी कैबिनेट बैठक थी।
पुराने सचिवालय में आयोजित इस बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में संजय झा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि यह उनका अंतिम कैबिनेट सत्र है। उन्होंने यह भी बताया कि बैठक के बाद वे राज्यपाल से मुलाकात करने जाएंगे।
संजय झा ने इस मौके को भावुक बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने जो बदलाव देखा है, उसने राज्य के लोगों का आत्मसम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब लोग खुद को बिहारी कहने में हिचकते थे, लेकिन अब राज्य की पहचान और प्रतिष्ठा मजबूत हुई है।
वहीं, बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव (Ramkripal Yadav) ने भी इसे भावनात्मक क्षण बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने कैबिनेट सहयोगियों और जनता के प्रति आभार जताया। उनके अनुसार, नीतीश कुमार के योगदान को कोई और दोहरा नहीं सकता।
राज्य की मंत्री लेशी सिंह (Leshi Singh) ने कहा कि यह दिन गर्व और भावनाओं से भरा है, और वे 1995 से उनके साथ जुड़ी हुई हैं। इधर, बिहार में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर हलचल तेज है। एनडीए की बैठक आज शाम 4 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में होगी, जिसमें नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी का चयन किया जाएगा।