बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद से ही अगले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर मंथन जारी था। इस दौर में कभी सम्राट चौधरी तो कभी निशांत कुमार आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है।
आज बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर करीब 20 मिनट तक भाजपा और जेडीयू नेताओं की बैठक हुई। मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा से पहले सम्राट चौधरी के नाम को लेकर एक बार फिर से राज्य में हलचल तेज हो गयी है।
वहीं दूसरी ओर बिहार भाजपा के नेता रामकृपाल यादव का कहना है कि मंगलवार को होने वाली NDA की बैठक में बिहार के अगले मुख्यमंत्री का नाम तय किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कल (14 अप्रैल) को होने वाली बैठक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में होने वाली कैबिनेट की आखिरी बैठक होगी। रामकृपाल यादव ने कहा कि बिहार में जो अगला मुख्यमंत्री चुना जाएगा वह नीतीश कुमार के दिशानिर्देशों के आधार पर ही लोगों की भलाई का काम आगे भी जारी रखेगा।
उन्होंने बताया कि नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला कल NDA की बैठक में कर लिया जाएगा। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि कल होने वाली बिहार कैबिनेट की बैठक नीतीश कुमार समेत बिहार के राजनैतिक भविष्य के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण होने वाली है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार इस बैठक के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे सकते हैं।
बता दें, वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने सोमवार को सम्राट चौधरी के आवास पर हुई इस बैठक में शामिल हुए। बैठक से बाहर निकलकर मीडिया से बात करते हुए राधामोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार भी एनडीए के ही मुख्यमंत्री हैं और बिहार का अगला मुख्यमंत्री भी एनडीए का ही होगा। उन्होंने दावा किया कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री का नाम तय है, तब औपचारिक रूप से उसके नाम की घोषणा बाकी है।