चंडीगढ़ : भारतीय क्रिकेट जगत में एक बार फिर शोक की लहर दौड़ गई है। विराट कोहली के अंडर-19 टीम के साथी और पंजाब के पूर्व क्रिकेटर अमनप्रीत सिंह गिल का निधन हो गया है। महज 36 वर्ष की उम्र में पूर्व तेज गेंदबाज की जिंदगी अचानक थम गई। जानकारी के अनुसार उनका निधन चंडीगढ़ में हुआ। इस खबर के सामने आते ही क्रिकेट जगत स्तब्ध रह गया और विराट कोहली भी अपने पुराने साथी की मौत से बेहद दुखी नजर आए।
अमनप्रीत सिंह गिल ने घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में केवल छह मैच खेले लेकिन इस दौरान 11 विकेट हासिल किए। इंडियन प्रीमियर लीग के पहले सीजन में वह किंग्स इलेवन पंजाब का हिस्सा भी रहे थे जिसे अब पंजाब किंग्स के नाम से जाना जाता है। क्रिकेट खेलने के बाद उन्होंने पंजाब की सीनियर चयन समिति के सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी।
अपने साथी खिलाड़ी की मौत की खबर सुनने के बाद विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा कि अमनप्रीत गिल के निधन की खबर सुनकर मैं बेहद स्तब्ध और दुखी हूं। उनके परिवार और करीबी लोगों के लिए प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस कठिन समय से गुजरने की शक्ति मिले। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।
अमनप्रीत के निधन पर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि करियर के शुरुआती दिनों में हमने एक साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था। वह बेहद शांत और मेहनती क्रिकेटर थे। उन्हें क्रिकेट से बहुत प्यार था। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमनप्रीत सिंह गिल पिछले लगभग छह महीनों से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज भी जारी था लेकिन डॉक्टर उनकी बीमारी की सही वजह का पता नहीं लगा सके।
उन्होंने श्रीलंका में आयोजित अंडर-19 त्रिकोणीय श्रृंखला में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उस टीम में विराट कोहली और मनीष पांडे भी शामिल थे। उस प्रतियोगिता में अमनप्रीत ने पांच मैचों में नौ विकेट लेकर प्रभाव छोड़ा था।
अमनप्रीत ने पंजाब के लिए रणजी ट्रॉफी भी खेली। वर्ष 2008 में उन्होंने मुंबई के खिलाफ अपना अंतिम प्रथम श्रेणी मुकाबला खेला था। दिलचस्प बात यह रही कि उसी मैच में रोहित शर्मा भी खेल रहे थे और अमनप्रीत ने अपने डेब्यू मैच में ही रोहित शर्मा को आउट कर सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने अपने पहले ही मैच में चार विकेट लेकर सभी का ध्यान आकर्षित किया था।