🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

धरना खत्म करने के बाद पूर्व राज्यपाल से मिलीं ममता बनर्जी, बोलीं- CV आनंद बोस के साथ ' अन्याय, इनजस्टिस' हुआ

मुख्यमंत्री का दावा कि राज्यपाल का इस्तीफा असल में राजनीति से प्रेरित है।

By श्वेता सि्ंह

Mar 10, 2026 23:45 IST

कोलकाताः पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को राज्य के पूर्व राज्यपाल CV आनंद बोस से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब मुख्यमंत्री ने कोलकाता के धर्मतला में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ चल रहे पांच दिवसीय धरने को समाप्त किया। धर्मतला में धरना खत्म करने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अलीपुर के सरकारी गेस्ट हाउस 'सौजन्य' गयीं। राज्य के पूर्व गवर्नर CV आनंद बोस यहीं रुके हुए हैं। मुख्यमंत्री ने मंगलवार शाम CV आनंद बोस से मुलाकात की। उनसे मिलने के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि CV आनंद बोस के साथ जो हुआ वह 'अन्याय' था।

ममता बनर्जी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए बोस को एक विद्वान और विशिष्ट व्यक्तित्व बताया और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि धरना समाप्त करने के बाद उन्होंने व्यक्तिगत रूप से बोस से मिलीं क्योंकि वह अगले दिन राज्य छोड़ने वाले हैं।

सीएम ममता ने कहा, 'मैंने उनके साथ लंबे समय तक काम किया। मेरे उनके साथ अच्छे रिश्ते थे। बंगाली तहजीब के तौर पर मैं उनके अच्छे रहने की कामना करती हूं। उनके साथ गलत हुआ है। पांच साल पूरा होने में समय बाकी रहने के बावजूद उन्हें हटा दिया गया। मुझे लगता है कि डेढ़ साल का वक्त बाकी रहने के बाद भी अचानक चुनाव से पहले उन्हें हटाना पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। मैंने उन्हें बता दिया है कि मैं क्या सोचती हूं। मैंने उनसे आग्रह किया है कि आप इतने लंबे समय से बंगाल में हैं, आप बंगाल को अच्छी तरह समझते हैं। फिर से बंगाल आइएगा।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस दिन CV आनंद बोस दिल्ली गए थे। उस दिन बोस को असल में राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए बागडोगरा जाना था। उन्हें सरकारी फ्लाइट से जाना था। सीएम ममता ने कहा, ‘हमने सरकारी फ्लाइट का इंतजाम किया था, उन्होंने उसे बुक भी कर लिया था। उन्हें बागडोगरा जाना था। लेकिन मैसेज दिया गया कि वह बागडोगरा के बजाय दिल्ली जाएंगे।’

गवर्नर के पद से इस्तीफा देने के बाद CV आनंद बोस फिर से राजभवन नहीं गए। ममता ने कहा कि वह कोलकाता लौटकर होटल में रुकना चाहते थे। आनंद बोस राजभवन नहीं जाना चाहते थे। इसके बाद ममता ने उनसे सरकारी गेस्ट हाउस 'सौजन्य' में रुकने का आग्रह किया। ममता ने कहा, “वह होटल में रुकना चाहते थे। मैंने कहा, हमारी कर्टसी है। खास लोग, डिप्लोमैट वहां रुकते हैं। आप भी गेस्ट हाउस में अतिथि के तौर पर रुकिए।”

केंद्र सरकार ने हाल ही में प्रशासनिक फेरबदल के तहत आर.एन.रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया है। वह पदभार संभालने के बाद आधिकारिक रूप से जिम्मेदारी ग्रहण करेंगे। लोकभवन की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, बोस अपने गृह राज्य केरल लौटेंगे और राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में विकसित भारत के विजन के लिए काम करने की योजना बना रहे हैं।

Prev Article
बंगाल चुनाव से पहले BJP का मंथन: दिल्ली में कल कोर ग्रुप की बैठक, उम्मीदवारों और संगठन पर होगा बड़ा फैसला

Articles you may like: