कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की मतगणना के बीच शुरुआती रुझानों में मालदा जिले के मालतीपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मौसाम नूर बढ़त बनाती नजर आ रही हैं। टीवी चैनलों के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, राज्य की दो विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है।
इन्हीं शुरुआती रुझानों में यह भी सामने आया कि मालदा जिले की मोथाबाड़ी सीट पर भी कांग्रेस को बढ़त मिल रही है। यह वही क्षेत्र है, जहां इसी साल अप्रैल में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर न्यायिक अधिकारी के घेराव जैसी अभूतपूर्व घटनाएं सामने आई थीं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक मालदा जिले की कुल सीटों में से छह पर भाजपा आगे चल रही है, जबकि चार सीटों पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को बढ़त हासिल है।
मालदा उन जिलों में शामिल रहा है, जहां एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम बड़ी संख्या में हटाए गए थे।
हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं। दिनभर मतगणना जारी रहने की संभावना है और दोपहर तक तस्वीर अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है।