🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

जाम में फँसकर बर्बाद हुआ एक हफ्ता! दुनिया के दूसरे सबसे जामग्रस्त शहर का ‘खिताब’ बेंगलुरु को

2024 की तुलना में 2025 में बेंगलुरु में ट्रैफिक जाम लगभग 1.7 प्रतिशत बढ़ा, सूची में भारत के और कौन-कौन से शहर?

By देवार्घ्य भट्टाचार्य, Posted by डॉ.अभिज्ञात

Jan 22, 2026 12:11 IST

नयी दिल्लीःदुनिया का दूसरा सबसे अधिक ट्रैफिक जाम वाला शहर बनने का तमगा ‘भारत की सिलिकॉन वैली’ बेंगलुरु के नाम हो गया है। हाल ही में टॉमटॉम ट्रैफिक इंडेक्स ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट के अनुसार 2025 के आँकड़ों में बेंगलुरु पूरी दुनिया में दूसरा सबसे जामग्रस्त शहर है। 2024 की तुलना में लगभग 1.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2025 में बेंगलुरु में सालाना औसत ट्रैफिक जाम का स्तर 74.4 प्रतिशत रहा।

2024 की तुलना में 2025 में बढ़ा ट्रैफिक जाम

टॉमटॉम ट्रैफिक इंडेक्स दुनिया भर में ट्रैफिक जाम और सड़कों पर वाहनों की औसत गति से जुड़े आँकड़े जारी करता है। पिछले दो वर्षों की रिपोर्ट के अनुसार 2023 में वैश्विक औसत ट्रैफिक जाम के आधार पर बेंगलुरु छठे स्थान पर था। 2024 में यह तीसरे स्थान पर आ गया। रिपोर्ट बताती है कि 2024 में बेंगलुरु में 10 किलोमीटर की दूरी तय करने में औसतन 34 मिनट 4 सेकंड लगते थे। 2025 में यह समय 2 मिनट 5 सेकंड बढ़कर 36 मिनट 9 सेकंड हो गया।

सुबह की तुलना में शाम को अधिक जाम

रिपोर्ट के मुताबिक सुबह की तुलना में शाम के समय बेंगलुरु की सड़कों पर चलना और भी ज्यादा कष्टदायक होता है। सुबह 10 किलोमीटर की दूरी तय करने में औसतन 41 मिनट 6 सेकंड लगते हैं। इस दौरान औसत ट्रैफिक जाम का स्तर 94.2 प्रतिशत रहता है और वाहनों की औसत गति 14.6 किमी/घंटा होती है। वहीं शाम को 10 किलोमीटर की दूरी तय करने में 45 मिनट 27 सेकंड लगते हैं। उस समय ट्रैफिक जाम का औसत स्तर 115.2 प्रतिशत तक पहुँच जाता है और वाहनों की औसत गति घटकर 13.2 किमी/घंटा रह जाती है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2025 में बेंगलुरु की सड़कों पर ट्रैफिक जाम में फँसकर वाहन चालकों का कुल 168 घंटे समय बर्बाद हुआ, जो दिनों में 7 दिन 40 मिनट के बराबर है। 2024 की तुलना में यह समय लगभग 12 घंटे 46 मिनट अधिक है। कम दूरी की यात्राओं में भी समय सीमा बढ़ी है। 15 मिनट में बेंगलुरु में औसतन 4.2 किलोमीटर की दूरी तय की जा सकती है, जो 2024 की औसत दूरी से 0.2 किलोमीटर कम है।

पिछले साल सबसे ज्यादा जाम कब लगा?

2025 में बेंगलुरु में सबसे ज्यादा ट्रैफिक जाम 17 मई को देखा गया। बारिश, पेड़ों का गिरना और इमारतों का ढहना जैसी कई वजहों से उस दिन बेंगलुरु में ट्रैफिक जाम की दर 101 प्रतिशत थी। केवल 2.5 किलोमीटर की दूरी तय करने में चालकों को औसतन 15 मिनट लगे।

रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के पाँच सबसे ज्यादा जामग्रस्त शहर:

मैक्सिको सिटी, मैक्सिको

बेंगलुरु, भारत

डबलिन, आयरलैंड

लोड्ज़, पोलैंड

पुणे, भारत


भारत में सबसे ज्यादा जामग्रस्त शहर:

बेंगलुरु–74.4 प्रतिशत (रैंक 2)

पुणे–71.1 प्रतिशत (रैंक 5)

मुंबई–63.2 प्रतिशत (रैंक 18)

नई दिल्ली–60.2 प्रतिशत (रैंक 23)

कोलकाता–58.9 प्रतिशत (रैंक 29)

जयपुर–58.8 प्रतिशत (रैंक 30)

चेन्नई–58.6 प्रतिशत (रैंक 32)

(*स्रोत: टॉमटॉम ट्रैफिक इंडेक्स)

Next Article
अजित पवार की मौत का रहस्य गहराया, DGCA की जांच में भयंकर लापरवाही का खुलासा !

Articles you may like: