🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बजट सत्र: सीतारमण ने वित्त वर्ष 2025-26 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया, लोकसभा स्थगित, अब 1 फरवरी को फिर होगी बैठक

इस वर्ष बजट प्रस्तुति सप्ताहांत के दिन हो रही है।

By डॉ. अभिज्ञात

Jan 29, 2026 17:24 IST

नई दिल्लीः लोकसभा को गुरुवार दोपहर स्थगित कर दिया गया और अब यह 1 फरवरी को सुबह 11 बजे पुनः बैठक करेगी। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भारत का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया, जिससे रविवार, 1 फरवरी को प्रस्तुत होने वाले केंद्रीय बजट की औपचारिक शुरुआत हो गई। इस वर्ष बजट प्रस्तुति सप्ताहांत के दिन हो रही है।

वित्त मंत्री सीतारमण 1 फरवरी को लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश करने जा रही हैं, जो भारत के संसदीय और आर्थिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। बजट से पहले आर्थिक सर्वेक्षण पेश करने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है, जिसका उद्देश्य भविष्य की राजकोषीय योजनाओं को प्रस्तुत करने से पहले अर्थव्यवस्था की वर्तमान स्थिति का खाका सामने रखना होता है।

भारत का आर्थिक सर्वेक्षण देश की अर्थव्यवस्था की आधिकारिक वार्षिक “रिपोर्ट कार्ड” माना जाता है। यह पिछले एक वर्ष में अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन की व्यापक, आंकड़ों पर आधारित समीक्षा प्रस्तुत करता है और भविष्य की नीतिगत दिशा के लिए एक समग्र रोडमैप देता है। सरकार की इस प्रमुख वार्षिक रिपोर्ट में पिछले 12 महीनों के दौरान हुए प्रमुख आर्थिक विकासों की समीक्षा की जाती है। केंद्रीय बजट से पहले आर्थिक सर्वेक्षण की भूमिका बेहद अहम होती है। जहां बजट भविष्य के सरकारी खर्च, कराधान और नीतिगत उपायों पर केंद्रित होता है, वहीं आर्थिक सर्वेक्षण यह समझाता है कि उन फैसलों की आवश्यकता क्यों है इसके लिए वह बीते आर्थिक प्रदर्शन और रुझानों का विश्लेषण करता है।

आर्थिक सर्वेक्षण को आर्थिक कार्य विभाग के आर्थिक प्रभाग द्वारा, मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) के नेतृत्व में तैयार किया जाता है। यह दो भागों में प्रस्तुत किया जाता है, जिनमें अर्थव्यवस्था के अलग-अलग पहलुओं पर ध्यान दिया जाता है।

बजट सत्र 2026 से पहले प्रधानमंत्री ने संसद परिसर से मीडिया को संबोधित किया और भारत–यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की सराहना की। उन्होंने इसे “महत्त्वाकांक्षी भारत के लिए मुक्त व्यापार, आकांक्षी युवाओं के लिए मुक्त व्यापार और आत्मनिर्भर भारत के लिए मुक्त व्यापार” बताया।

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि भारतीय निर्माता इस समझौते का उपयोग अपनी क्षमताओं को मजबूत करने के लिए करेंगे और इसे एक आत्मविश्वासी, प्रतिस्पर्धी और उत्पादक भारत के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा, “यह महत्त्वाकांक्षी भारत के लिए मुक्त व्यापार है, आकांक्षी युवाओं के लिए मुक्त व्यापार है, आत्मनिर्भर भारत के लिए मुक्त व्यापार है। मुझे पूरा विश्वास है कि विशेष रूप से भारत के निर्माता इस अवसर का उपयोग अपनी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए करेंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि यह एक तरह से आत्मविश्वासी, प्रतिस्पर्धी और उत्पादक भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है।”

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनसांख्यिकी दुनिया के लिए आशा का स्रोत बन गई हैं। उन्होंने संसद के माध्यम से वैश्विक समुदाय को एक मजबूत संदेश देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बजट सत्र कुल 65 दिनों में 30 बैठकें करेगा और इसका समापन 2 अप्रैल को होगा। दोनों सदन 13 फरवरी को अवकाश के लिए स्थगित होंगे और 9 मार्च को फिर से बैठक करेंगे ताकि स्थायी समितियाँ विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की अनुदान मांगों की जांच कर सकें।

Next Article
अजित पवार की मौत का रहस्य गहराया, DGCA की जांच में भयंकर लापरवाही का खुलासा !

Articles you may like: