बेंगलुरुः बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.72 किलोग्राम कोकीन जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 38.60 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है।
बेंगलुरु कस्टम्स के अनुसार, 21 जनवरी 2026 को टर्मिनल-2 पर साओ पाउलो, ब्राजील से आए एक यात्री को रोका गया। जांच के दौरान उसके पास से कोकीन बरामद की गई। आरोपी को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है।
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इससे पहले 18 जनवरी 2026 को कस्टम अधिकारियों ने बैंकॉक से आए दो यात्रियों के पास से 3.94 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया था, जिसकी कीमत करीब 1.38 करोड़ रुपये आंकी गई थी। इस मामले में भी दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा 17 जनवरी 2026 को बैंकॉक से आए एक कंसाइनमेंट से बिना वैध दस्तावेजों के आयात की जा रही 35 वन्य प्रजातियों को भी जब्त किया गया। यह मामला साइट्स और वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट, 1972 का उल्लंघन पाया गया। इस प्रकरण में तीन यात्रियों को कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत गिरफ्तार किया गया है।
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अवैध नशीले पदार्थों और तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी है।