नई दिल्ली/बीजिंग/वॉशिंगटन: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को दुनिया के विभिन्न देशों में हजारों लोगों ने योग कार्यक्रमों में भाग लिया। विदेशों में भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों द्वारा आयोजित विशेष आयोजनों में योग को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और सक्रिय वृद्धावस्था के लिए एक प्रभावी माध्यम के रूप में प्रस्तुत किया गया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है।
संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 2014 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मान्यता दिए जाने के बाद से हर वर्ष 21 जून को इसका आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर एशिया, यूरोप, उत्तरी अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और मध्य पूर्व के अनेक देशों में बड़े पैमाने पर योग सत्र आयोजित किए गए।
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में गूंजा ‘ॐ’, योग दिवस पर जुटे सैकड़ों लोग
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर में सैकड़ों योग प्रेमी, भारतीय समुदाय के सदस्य और स्वास्थ्य जागरूक लोग एकत्र हुए। इस दौरान ‘ॐ’ के मंत्रोच्चार के साथ योग सत्र आयोजित किया गया। योग गुरु डॉ. एच. आर. नागेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। आयोजकों ने कहा कि योग स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का सबसे सशक्त साधन है तथा इसकी लोकप्रियता दुनिया भर में लगातार बढ़ रही है।
अमेरिका की राजधानी में लिंकन मेमोरियल पर विशेष योग सत्र
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में प्रतिष्ठित लिंकन मेमोरियल पर सैकड़ों लोगों ने योग सत्र में भाग लिया। यह कार्यक्रम भारतीय दूतावास द्वारा शनिवार को आयोजित किया गया था। भारतीय दूतावास ने कहा कि “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम के तहत आयोजित यह कार्यक्रम इस बात का संदेश देता है कि योग जीवन के हर चरण और हर आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी है। दूतावास ने ड्यूपॉन्ट सर्किल और विश्व बैंक सहित कई अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए तथा आयुर्वेद कॉर्नर स्थापित कर पारंपरिक भारतीय स्वास्थ्य पद्धतियों को प्रदर्शित किया।
चीन में 400 लोगों ने लिया हिस्सा
चीन के शंघाई स्थित बंड फाइनेंस सेंटर में भारत के महावाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित कार्यक्रम में लगभग 400 लोगों ने भाग लिया। इनमें राजनयिक, शिक्षाविद, योग साधक और भारतीय समुदाय के सदस्य शामिल थे। भारत के महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर ने कहा कि योग भारत की ओर से विश्व को दिया गया एक अमूल्य उपहार है। कार्यक्रम में ध्यान सत्र, मणिपुरी नृत्य प्रस्तुति, भारतीय शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम और योग के लाभों पर विशेष प्रदर्शन भी आयोजित किया गया।
जापान में बारिश के बीच 2,100 से अधिक लोगों ने किया योग
जापान की राजधानी टोक्यो के ऐतिहासिक त्सुकिजी होंगान-जी मंदिर में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 2,100 से अधिक योग प्रेमियों ने भाग लिया। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि बारिश के बावजूद “योगा टुगेदर, रेन ऑर शाइन” के संदेश के साथ कार्यक्रम उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रहा।
ऑस्ट्रेलिया में पुरानी संसद भवन के सामने योग
ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा में ओल्ड पार्लियामेंट हाउस के सामने बड़ी संख्या में लोगों ने योग दिवस मनाया। योग ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जोश प्रायर के मार्गदर्शन में एक घंटे का योग सत्र आयोजित किया गया। भारत के उच्चायोग ने कहा कि यह सत्र लोगों के लिए शांति, सजगता और मानसिक संतुलन का विशेष अनुभव लेकर आया। उच्चायोग ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि शरीर और मन दोनों को संतुलित रखने वाली जीवनशैली है।
बांग्लादेश में सभी आयु वर्ग के लोगों ने की भागीदारी
बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने भाग लिया। उच्चायोग ने कहा कि प्रतिभागियों के उत्साह ने इस वर्ष की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” की भावना को प्रतिबिंबित किया और यह दिखाया कि जीवन के हर चरण में योग की प्रासंगिकता बनी हुई है।
न्यूजीलैंड में विभिन्न समुदायों ने मनाया योग दिवस
न्यूजीलैंड में भारतीय, कीवी और अन्य समुदायों के लोगों ने भारत के उच्चायोग परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। भारतीय मिशन ने बताया कि हार्टफुलनेस और आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन न्यूज़ीलैंड के सहयोग से 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।
फिनलैंड की प्रतिष्ठित ओओडी लाइब्रेरी में विशेष आयोजन
फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी में भारतीय दूतावास ने संसद भवन के सामने स्थित प्रतिष्ठित ओओडी लाइब्रेरी में विशेष योग सत्र आयोजित किया। कार्यक्रम में राजनयिकों, फिनलैंड के अधिकारियों और भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया।
लंदन में योग की विविध परंपराओं का प्रदर्शन
ब्रिटेन की राजधानी लंदन में स्ट्रैंड क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में योग की विभिन्न परंपराओं को प्रदर्शित किया गया। भारत के उच्चायोग ने बताया कि अनाहत योग, ची क्री योग, अयंगर योग, एसआरएमडी योग, आर्ट ऑफ लिविंग, हार्टफुलनेस यूके, ईशा फाउंडेशन और ब्रह्माकुमारी संस्थाओं ने सत्रों और प्रदर्शनों के माध्यम से योग की विविधता और समावेशिता को प्रस्तुत किया।
मलेशिया में 1,100 से अधिक लोगों की भागीदारी
कुआलालंपुर में भारत के उच्चायोग और नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय सांस्कृतिक केंद्र द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 1,100 से अधिक लोगों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि सीनेटर पुन सरस्वती कंदसामी ने अपने संबोधन में कहा कि योग एक स्वस्थ और अधिक उत्पादक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
इटली में ऐतिहासिक स्थल पर योग उत्सव
इटली के मिलान शहर में प्रतिष्ठित आर्को डेला पाचे स्मारक के निकट योग प्रेमियों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। भारत के महावाणिज्य दूतावास ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की।
सऊदी अरब में 500 लोगों ने किया योग
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में आयोजित कार्यक्रम में करीब 500 लोगों ने भाग लिया। इनमें सरकारी अधिकारी, राजनयिक, स्कूली छात्र और भारतीय समुदाय के सदस्य शामिल थे। योग सत्र का संचालन सऊदी महिला योग प्रशिक्षक सीमा घन्नाम और मलाक अलमुघिरा ने किया। भारतीय दूतावास ने कहा कि सऊदी अरब में योग की बढ़ती लोकप्रियता भारत-सऊदी सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बना रही है।
कनाडा में 800 प्रतिभागियों की मौजूदगी
कनाडा के टोरंटो में ओंटारियो विधानसभा भवन की पृष्ठभूमि में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 800 लोगों ने भाग लिया। भारत के महावाणिज्य दूत महावीर सिंहवी ने कहा कि योग सांस्कृतिक, भाषाई और राष्ट्रीय सीमाओं से ऊपर उठकर लोगों को कल्याण की साझा भावना से जोड़ता है और स्वास्थ्य, सामंजस्य तथा आंतरिक संतुलन का सार्वभौमिक मार्ग प्रदान करता है।
नेपाल के लुंबिनी में भी हुआ आयोजन
नेपाल में भारत के दूतावास ने लुंबिनी विकास ट्रस्ट के सहयोग से यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल लुंबिनी सांस्कृतिक क्षेत्र में स्थित एटरनल पीस फ्लेम और माया देवी मंदिर के निकट योग प्रदर्शन आयोजित किया। इस कार्यक्रम में 600 से अधिक लोगों ने भाग लिया। लुंबिनी प्रांत के राज्यपाल कृष्ण बहादुर घर्ती मगर भी इसमें उपस्थित रहे।
अन्य देशों में भी हुए विशेष कार्यक्रम
भारत के विभिन्न मिशनों ने स्लोवेनिया, रोमानिया, इंडोनेशिया, ओमान, संयुक्त अरब अमीरात और कजाखस्तान सहित कई अन्य देशों में भी योग सत्र और विशेष कार्यक्रम आयोजित कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया।