🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अबू धाबी से एतिहाद एयरवेज की उड़ान शुरू - एमिरेट्स भी है तैयार, क्या कह रही हैं एयरलाइंस कंपनियां?

तीन दिन बंद रहने के बाद सोमवार दोपहर अबू धाबी से फ्लाइट सेवा शुरू हुई।

By सुनंद घोष, Posted by: प्रियंका कानू

Mar 03, 2026 18:15 IST

अबू धाबी: तीन दिन बंद रहने के बाद सोमवार की दोपहर से अबू धाबी से फिर फ्लाइट मूवमेंट शुरू हो गया। सोमवार दोपहर 2 बजकर 39 मिनट पर स्थानीय समयानुसार अबू धाबी से लंदन के लिए एतिहाद की फ्लाइट ने उड़ान भरी। रात में अबू धाबी से एतिहाद की फ्लाइट यात्रियों को लेकर दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंड हुई।

सूत्रों के मुताबिक, सोमवार की आधी रात से दुबई से फ्लाइट ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी में एमिरेट्स भी है। मंगलवार को दुबई से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए उड़ानें चल सकती हैं। बुधवार से पहले कोलकाता से अबू धाबी या दुबई की उड़ानें शुरू होने की संभावना नहीं है। एयर इंडिया ने भी दिल्ली और मुंबई से अमेरिका, यूरोप और कनाडा के लिए उड़ान सेवाओं को शुरू कर दी हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मस्कट से सेवा शुरू करने की जानकारी दी है। इंडिगो ने जेद्दा से दिल्ली के लिए इवैक्यूएशन फ्लाइट चलाने की बात कही है।

अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सेना के साथ ईरान के युद्ध का असर पश्चिम एशिया के आसमान पर पड़ा है। अमेरिकी सैन्य ठिकानों की मौजूदगी के कारण ईरान दुबई, अबू धाबी और दोहा सहित कई शहरों पर लगातार हमले कर रहा है। आसमान में मिसाइलें देखी जा रही हैं। इसी वजह से पिछले कुछ दिनों से इन शहरों से सभी उड़ानें रद्द कर दी गई थीं।

हालांकि सोमवार को स्थिति थोड़ी बेहतर हुई लेकिन इस माहौल में यात्री विमान उड़ाना कितना सुरक्षित है, इस पर सवाल उठ रहे हैं। दुबई और अबू धाबी में मौजूद भारतीयों का कहना है कि बीच-बीच में आसमान में मिसाइलें दिख रही हैं। ऐसे समय में यात्री विमानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

एमिरेट्स ने कहा है कि वह फिलहाल सीमित संख्या में उड़ानें शुरू कर रहा है। यूएई सरकार ने बताया कि दुबई में फंसे यात्रियों से रहने और खाने का खर्च नहीं लिया जाएगा। ट्रैवल एजेंट्स का कहना है कि अभी भी कई लोग दुबई में फंसे हैं और बैकलॉग खत्म होने में समय लगेगा। सोमवार दोपहर के बाद अबू धाबी से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए कई यात्री विमान रवाना हुए। हालांकि सोमवार को भी दोहा एयरपोर्ट बंद रहा और वहां से उड़ानें शुरू नहीं हो सकीं।

सोमवार दोपहर के बाद यूएई के शहर अबू धाबी से एक के बाद एक यात्री विमान रवाना होने लगे। इनमें भारत के दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ानें भी शामिल थीं। हालांकि सोमवार को भी कतर का दोहा एयरपोर्ट बंद रहा। वहां कई यात्री फंसे हुए हैं। वहां से भी सोमवार को उड़ान सेवाओं को शुरू नहीं किया जा सका।

कोलकाता से सोमवार को एमिरेट्स और एतिहाद एयरवेज के अलावा एयर अरेबिया, कतर एयरवेज और फ्लाई दुबई की उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। इस शहर में भी कई यात्री फंसे हुए हैं। यहां तक कि जिनकी आने वाले दिनों में उड़ानें हैं, वे भी चिंतित हैं। कोलकाता की पारोमिता दत्त को अपने बेटे के पास जाना है। 14 मार्च की उनकी कतर एयरवेज की फ्लाइट से दोहा होते हुए अमेरिका जाने की टिकट बुक है। उनका सवाल है, "जो हालात हैं, क्या मैं जा पाऊंगी?" हालांकि सोमवार की शाम अबू धाबी से उड़ानें शुरू होने के बाद पारोमिता जैसी कई लोगों की उम्मीदें बंधी हैं।

दुबई, अबू धाबी और दोहा से फ्लाइट पूरी तरह बंद रहने के कारण उन शहरों में जो लोग फंसे हुए हैं, उनके पास कोई विकल्प नहीं है। उन्हें फ्लाइट शुरू होने तक इंतजार करना पड़ रहा है लेकिन कोलकाता से जिन लोगों को दुबई होकर लंदन जाना था, दुबई बंद रहने के बावजूद उनके पास दूसरे शहर होकर लंदन जाने का विकल्प है।

ट्रैवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के अधिकारी अनिल पंजाबी के अनुसार, "सीट होगी तो ही जाएंगे! इकोनॉमी क्लास में दिल्ली–लंदन का किराया करीब दो लाख रुपये के आसपास पहुंच गया है। बिजनेस क्लास में टिकट उपलब्ध है लेकिन उसका किराया सात से आठ लाख रुपये है! कौन जाएगा!"

बताया गया है कि समस्या चूंकि पश्चिम एशिया से जुड़ी है इसलिए कई लोगों ने भारत से पूर्व दिशा में सिंगापुर, हांगकांग और बैंकॉक के रास्ते अमेरिका या यूरोप जाने का विचार किया लेकिन वहां भी सामान्य दिनों की तुलना में किराया तीन से पांच गुना अधिक है।

Prev Article
ईरान–इज़राइल संघर्ष का सीधा असर: बहरीन से यूएई तक 5 और 6 मार्च की CBSE कक्षा 10 और 12 बोर्ड परीक्षाएं स्थगित
Next Article
भाजपा ने गांधी-वाड्रा परिवार पर 7 करोड़ रुपये की वसूली की कोशिश का आरोप लगाया, व्हाट्सऐप चैट को बताया सबूत

Articles you may like: