नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान गांधी-वाड्रा परिवार के सदस्यों पर एक पार्टी कार्यकर्ता से 7 करोड़ रुपये की वसूली करने की कोशिश की का आरोप लगाया है। भाजपा का दावा है कि कथित व्हाट्सऐप चैट के जरिए कांग्रेस नेतृत्व के भ्रष्टाचार के “प्रथम दृष्टया सबूत” सामने आए हैं।
दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी भ्रष्ट है। इस भ्रष्टाचार का मुख्य केंद्र गांधी-वाड्रा परिवार है। हरियाणा की बावल विधानसभा सीट से जुड़े मामले में प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ सबूत सामने आए हैं।
भाजपा नेता के अनुसार, हरियाणा महिला कांग्रेस की महासचिव के पति गौरव कुमार ने कुछ व्हाट्सऐप चैट और बातचीत सार्वजनिक की हैं। यह चैट कथित रूप से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से जुड़ी हैं जिसमें बावल विधानसभा टिकट देने के बदले 7 करोड़ रुपये मांगे जाने की बात सामने आयी है।
उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के करीबी केसी वेणुगोपाल, कोडिक्कुन्निल सुरेश और प्रियंका की पीए सादफ खान का नाम इन कथित बातचीत में शामिल लोगों के रूप में लिया।
भंडारी ने कहा कि एक हरियाणा कांग्रेस नेता ने खुद इन तथ्यों को सार्वजनिक किया है और व्हाट्सऐप चैट में दिखाया गया है कि केसी वेणुगोपाल को सामने रखकर 7 करोड़ रुपये की “वसूली” की कोशिश की गई। प्रियंका की पीए सादफ खान, वेणुगोपाल के पीए अनस और कोडिक्कुन्निल सुरेश से जुड़ी व्हाट्सऐप बातचीत को सबूत के रूप में पेश किया गया है।
भंडारी ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी “गलती स्वीकार करने” के बराबर है।