मार्च के महीने की शुरुआत यानी छुट्टियां ही छुट्टियां। मार्च 2026 में छुट्टियों की संख्या भी कम नहीं है। होली, ईद-उल-फितर, रामनवमी सब कुछ इसी महीने में पड़ने वाला है। इतना ही नहीं, इस साल मार्च में 5 रविवार यानी एक एक्स्ट्रा वीकेंड भी मिलने वाला है।
मार्च में पड़ने वाले सभी त्योहारों से लेकर एक एक्स्ट्रा वीकेंड का लाभ उठाने वाले हैं सरकारी ऑफिसों में काम करने वाले कर्मचारी। कैसे? इस महीने में सरकारी ऑफिस के कर्मचारियों को साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा 7 अतिरिक्त छुट्टियां भी मिलने वाली है। इनमें से दो छुट्टियां तो मार्च के पहले सप्ताह में ही मिल रही हैं।
1 मार्च को रविवार था। सोमवार को कर्मचारी ऑफिस गए। उसके बाद आज मंगलवार (3 मार्च) को दोल यात्रा की छुट्टी है। कल यानी 4 मार्च को होली की छुट्टी होगी। इस वजह से लगातार दो दिनों तक परिवार और दोस्तों के साथ नाचते-गाते आसानी से गुजारे जा सकेंगे। अगर किसी ने सोमवार यानी 2 मार्च को छुट्टी ली होगी तो 4 दिनों के लॉन्ग हॉलीडे में कहीं आसपास का छोटा सा ट्रिप भी कर लिया होगा। जिन कर्मचारियों ने सोमवार को छुट्टी ली होगी उन्हें रविवार से लेकर बुधवार तक लगातार छुट्टी मिल जाएगी।
अगली छुट्टी मिलेगी 17 मार्च (मंगलवार) को। उस दिन मधु कृष्ण त्रयोदशी तिथि पर श्री श्री हरिचांद ठाकुर की जन्मतिथि मनायी जाएगी। इस दिन पश्चिम बंगाल के सरकारी ऑफिसों में छुट्टी रहती है। 18 और 19 मार्च को ऑफिस जाना पड़ेगा लेकिन उसके बाद फिर से 3 दिनों का लॉन्ग हॉलीडे मिलने वाला है। 20 मार्च (शुक्रवार) को ईद-उल-फितर से एक दिन पहले छुट्टी होगी। 21 मार्च को ईद-उल-फितर की छुट्टी और 22 मार्च को रविवार है।
इसके अगले सप्ताह में 26 मार्च को रामनवमी की छुट्टी होने वाली है। इसके बाद 31 मार्च को महावीर जयंती के मौके पर राज्य के सरकारी कर्मचारियों को एक दिन और छुट्टी मिल जाएगी। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि इस महीने में राज्य सरकार के कर्मचारी कुछ दिन काम और ढेर सारे दिन छुट्टियों को एंजॉय कर सकेंगे।
हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि SIR और चुनाव की तैयारियों के बीच छुट्टियों का लुत्फ उठाना संभव नहीं हो सकेगा। इनसे संबंधित विभिन्न कार्यों में सरकारी कर्मचारी व्यस्त रहने वाले हैं। इसके साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं पर माध्यमिक व उच्च माध्यमिक की कॉपियों को जांचने की जिम्मेदारी भी है।