'योग नगरी' ऋषिकेश (Rishikesh) अपने अध्यात्मिक माहौल और गंगा नदी के शांत घाटों की वजह से पर्यटकों में लोकप्रिय है। यहां आने वाले पर्यटक अक्सर सूरज उगने के साथ ही सुबह जल्दी जागना और घूमना-फिरना, योग करना और अन्य एडवेंचर एक्टिविटी में शामिल होने के बारे में सोचते हैं। लेकिन क्या आप मानेंगे अगर हमने आपसे कहा कि ऋषिकेश में एक बार आप रात के समय जरा अपने होटल के कमरे से बाहर निकले और जानकी सेतु (Janaki Setu) पर घूम आएं?
जी हां, ऋषिकेश का जानकी सेतु इन दिनों पर्यटकों के बीच खूब लोकप्रिय हो रहा है और खासतौर पर रात के समय इसकी खूबसूरती को देखकर पर्यटक अपना सुधबुध ही खो बैठते हैं। पर आखिर क्यों रात के समय जानकी सेतु की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है?
होता है लाइट शो
ऋषिकेश के राम झूला और लक्ष्मण झूला से अलग जानकी सेतु काफी सुकून से भरी जगह मानी जाती है। राम और लक्ष्मण झूला पर होने वाली भीड़ को कम किया जा सकें, यहीं सोचकर जानकी सेतु का निर्माण किया गया था। तीन लेन वाला यह सेतु एक सस्पेंशन ब्रिज है, जिसपर सिर्फ दो पहिया और पैदल ही लोगों को चलने की अनुमति है।
नीचे से बहती गंगा नदी और आसपास के पहाड़ों का शानदार नजारा, इस सेतु की सबसे बड़ी खासियत है। लेकिन यहां घूमने आने वाले पर्यटकों का दावा है कि जानकी सेतु दिन के मुकाबले रात के समय काफी ज्यादा सुन्दर दिखाई देती है। दरअसल, रात के समय जानकी सेतु पर लाइट शो होता है, जो इसकी सुन्दरता को कई गुना बढ़ा देता है।
लाइट शो की टाइमिंग और एंट्री शुल्क
ऋषिकेश में जैसे ही सूर्यास्त होता है, वैसे ही जानकी सेतु रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाने लगाता है। जब इस पुल पर जलती हजारों एलईडी बल्बों की रोशनी की परछाई नीचे से बहती गंगा नदी में दिखती है, तो वह किसी आईने जैसी चमकने लगती है।
लाइट शो का समय - रोज शाम को 6.30 से रात 8.30 बजे तक
एंट्री फीस - निःशुल्क
जानकी पुल पर घूमने का समय - सुबह 5 से रात 10 बजे तक
सबसे अच्छा समय - शाम के समय सूर्यास्त के बाद
प्रो टिप -
- शो शुरू होने से 15-20 मिनट पहले पहुंचे ताकि सबसे अच्छी जगह मिल सकें।
- पुल के बीच वाले हिस्से में या सबसे पास वाली घाट पर पहुंचने की कोशिश करें।
अगर आप फोटोग्राफी या फिर रिल्स बनाने के शौकीन हैं तो यह जगह आपके लिए बिल्कुल आदर्श साबित हो सकती है। और हां, शाम को यहां चाय-पकौड़ी, जलेबी और ठंडी हवाओं के बीच गर्मागर्म भुट्टा का आनंद लेना बिल्कुल मत भूलें।
(मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के आधार पर)