अयोध्या की अगली ट्रिप पर जरूर देखें दुनिया का पहला रामायण थीम पर बना वैक्स म्यूजियम, क्या-क्या होगा यहां खास?

इस साल का दीपोत्सव थोड़ा सा अलग होने वाला है क्योंकि इस साल दीपोत्सव के मौके पर ही अयोध्या में खुल रहा है दुनिया का पहला रामायण की थीम वाला वैक्स म्यूजियम।

By Moumita Bhattacharya

Oct 20, 2025 17:29 IST

भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या हमेशा से ही श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही है। पिछले कई सालों की तरह ही इस साल भी दीपावली के मौके पर अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन किया गया है। लेकिन इस साल का दीपोत्सव थोड़ा सा अलग होने वाला है क्योंकि इस साल दीपोत्सव के मौके पर ही अयोध्या में खुल रहा है दुनिया का पहला रामायण की थीम वाला वैक्स म्यूजियम।

आइए जान लेते हैं यहां क्या-क्या खास होगा -

TE की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार लगभग 9,850 वर्गफीट में फैले इस म्यूजियम को दक्षिण भारतीय शैली में बनाया गया है। इस म्यूजियम में लगभग 50 आदमकद मोम (Wax Statue) से बनी मूर्तियां होंगी, जो रामायण के विभिन्न कांडों और श्रीराम से जुड़ी कथाओं को दर्शाएंगी। बताया जाता है कि मोम की इन मूर्तियों द्वारा ही यहां श्रद्धालुओं के रामलला के बचपन से लेकर राम-रावण युद्ध तक की झांकियां देखने को मिलेगी।

इसके अलावा म्यूजियम के भूतल में माता सीता का स्वयंवर, लंका दहन और राम-रावण युद्ध को दर्शाया गया है। म्यूजियम का माहौल ऐसा बनाया गया है कि यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं को त्रेता युग में पहुंच जाने का अनुभव होगा। बताया जाता है कि म्यूजियम के अंदर लगातार भजन, 'राम तारक मंत्र' का जाप चलता रहेगा। भगवान श्रीराम के वनगमन, माता सीता का अशोक वाटिका में रहना और रावण की हार इत्यादि महत्वपूर्ण घटनाओं को दर्शाने के लिए 3D लाइट इफेक्ट का इस्तेमाल भी किया जाने वाला है।

सुरक्षा का रखा जा रहा है खास ख्याल

मोम जैसी अतिज्वलनशील पदार्थ से सभी मूर्तियों का निर्माण होने की वजह से इस म्यूजियम में सुरक्षा का खास ख्याल रखा गया है। म्यूजियम 24 घंटे ही सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा। इसके अलावा एक फायर सिस्टम 4 आपातकालीन निकास द्वार से जुड़ा होगा। पूरा म्यूजियम एयर कंडीशन होगा और यहां हमेशा 22° सेल्सियस का तापमान ही बनाए रखा जाएगा।

एंट्री व एंट्री शुल्क

म्यूजियम में एक बार में 100 लोगों को ही प्रवेश करने की अनुमति होगी। म्यूजियम का प्रवेश शुल्क ₹100 प्रति व्यक्ति रखा गया है।

Prev Article
कब से बंद हो रहे हैं बाबा केदार और बद्री विशाल समेत चार धाम मंदिरों के कपाट?
Next Article
दिल्ली का लाल किला मेट्रो स्टेशन अनिश्चितकाल के लिए बंद, क्या है वैकल्पिक रास्ता?

Articles you may like: