महाशिवरात्रि के पावन मौके पर रविवार (16 फरवरी) को ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तारीख की घोषणा कर दी गयी। पारंपरिक रीति-रिवाजों के मुताबिक केदारनाथ के रावल, रावल भीमाशंकर लिंग समेत अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में बाबा केदार की शीतकालिन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ में पंचांग गणना की गयी। इसके बाद कपाट खोलने की तिथि और शुभ मुहूर्त की घोषणा हुई।
इस मौके पर न सिर्फ केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तारीख घोषित हुई बल्कि बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली के केदार प्रस्थान का कार्यक्रम भी घोषित किया गया। इस मौके पर ओंकारेश्वर मंदिर को साढे 9 क्विंटल फूलों से बड़े ही भव्य तरीके से सजाया गया था। उपस्थित भक्तों द्वारा जय श्री केदार के उद्घोष ने मंदिर का वातावरण भक्तिमय कर दिया।
कब से खुल रहे हैं केदारनाथ धाम के कपाट?
मीडिया से बात करते हुए बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर कमेटी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की प्रक्रिया 18 अप्रैल से शुरू हो जाएगी। 22 अप्रैल को केदार घाटी में मौजूद बाबा केदारनाथ के मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। बताया जाता है कि 22 अप्रैल की सुबह 8 बजे वृष लग्न में श्री केदारनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे।
बाबा केदारनाथ की अस्थायी चल डोली ANI
कब कहां से गुजरेगी डोली?
18 अप्रैल को केदारपुरी के रक्षक बाबा भैरवनाथ की पूजा-अर्चना के साथ डोली प्रस्थान यात्रा की शुरुआत होगी।
19 अप्रैल को पंचमुखी चल डोली ऊखीमठ से फाटा पहुंचेगी।
20 अप्रैल को बाबा केदार की डोली गौरीकुंड पहुंचेगी और यहीं रात्रिविश्राम करेगी।
21 अप्रैल को बाबा केदार की चल डोली केदारनाथ मंदिर पहुंचेगी।
22 अप्रैल को पूरे विधि विधान के साथ मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे।
बद्रीनाथ धाम के कपाट?
श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे यानी केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के ठीक अगले दिन से ही बद्रीनाथ धाम के कपाट भी भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे। बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की तारीख पहले ही तय हो चुकी है।
कब से शुरू हो रही चार धाम यात्रा?
केदारनाथ धाम : 22 अप्रैल
बद्रीनाथ धाम : 23 अप्रैल
गंगोत्री धाम : 19 अप्रैल
यमुनोत्री धाम : 19 अप्रैल