पिछले एक साल से जूस शॉट्स का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। वेलनेस इन्फ्लुएंसर्स का दावा है कि ये शॉट्स सामान्य जूस की तुलना में ज्यादा पौष्टिक होते हैं। इनमें अनानास, गाजर, अदरक, हल्दी जैसे फल और हर्बल सामग्री को एक साथ पीसकर पेस्ट बनाया जाता है, फिर उसे छानकर रस निकाला जाता है। कई लोग इन शॉट्स को बनाकर फ्रिज में स्टोर कर लेते हैं और रोज थोड़ी मात्रा में पीते हैं।
गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉक्टर सौरव सेठी ने सोशल मीडिया पर बताया है कि उन्हें ऑरेंज जिंजर शॉट पसंद है। उनके अनुसार, इस शॉट में इस्तेमाल की गई सामग्री बेहद फायदेमंद है। ऑरेंज जिंजर शॉट में गाजर, संतरा और ताजा अदरक का उपयोग किया जाता है। आइए जानते हैं इसके फायदे और बनाने का तरीका।
ऑरेंज जिंजर शॉट पीने के फायदे
गाजर में बीटा-कैरोटीन पाया जाता है, जो एक शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट है। यह इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। संतरे में विटामिन C और फ्लैवोनॉयड्स होते हैं, जो एंटीऑक्सिडेंट की तरह काम करते हैं। ये स्ट्रोक और हार्ट अटैक जैसी गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम करते हैं, त्वचा को स्वस्थ रखते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। अदरक में जिंजरोल नामक तत्व होता है, जो पाचन को बेहतर बनाता है। इसके अलावा अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो सूजन कम करने और पुरानी बीमारियों के खतरे को घटाने में सहायक हैं।
घर पर ऑरेंज जिंजर शॉट कैसे बनाएं
दो मध्यम आकार की गाजर लें, छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें। एक संतरा और आधा इंच अदरक लें। तीनों चीजों को मिक्सर में पीसकर पेस्ट बनाएं और छान लें। तैयार शॉट को छोटे कांच की बोतल या जार में भरकर फ्रिज में रखें। डॉक्टर सेठी के अनुसार, यह ड्रिंक तीन दिन तक फ्रिज में सुरक्षित रह सकती है। हालांकि दिन में 30 से 50 मिलीलीटर से अधिक ऑरेंज जिंजर शॉट नहीं पीना चाहिए।