सितंबर के पहले सप्ताह में कितने यात्रियों ने किया कोलकाता मेट्रो से सफर?

सितंबर माह के आखिरी सप्ताह में दुर्गोत्सव मनाया जाएगा। इसलिए बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं, जो मेट्रो सेवाओं का लाभ भी उठा रहे हैं।

By Moumita Bhattacharya

Sep 22, 2025 15:59 IST

हावड़ा से सियालदह होकर सॉल्टलेक सेक्टर 5 तक मेट्रो सेवाओं की शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही कोलकाता एयरपोर्ट और एक अन्य रुट पर ही मेट्रो (Kolkata Metro) सेवाएं शुरू कर दी गयी हैं। सामान्य दिनों की तुलना में मेट्रो में यात्रियों की ज्यादा भीड़ भी हो रही है। ऐसी स्थिति में सितंबर के पहले सप्ताह में कुल कितने यात्रियों ने मेट्रो सेवाओं का लाभ उठाया है?

सितंबर माह के आखिरी सप्ताह में दुर्गोत्सव मनाया जाएगा। इसलिए बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं, जो मेट्रो सेवाओं का लाभ भी उठा रहे हैं।

सितंबर के पहले सप्ताह के आंकड़े

मीडिया रिपोर्ट में कोलकाता मेट्रो प्रबंधन के हवाले से बताया गया है कि सितंबर के पहले सप्ताह में 1 से 6 तारीख तक कोलकाता मेट्रो से औसतन करीब 7 लाख 49 हजार यात्रियों ने सफर किया है। बताया जाता है कि 1 सितंबर को 8 लाख 7 हजार से ज्यादा यात्री तो 4 सितंबर को 7 लाख 86 हजार से ज्यादा यात्रियों ने मेट्रो के अलग-अलग रुट से होकर यात्रा की है।

मेट्रो प्रबंधन का दावा है कि सप्ताहांत में त्योहारों के सीजन में खरीदारी करने निकले यात्रियों की संख्या ही सबसे ज्यादा रही है। सितंबर के पहले सप्ताह में कोलकाता मेट्रो से होकर 50 लाख से ज्यादा यात्रियों ने अपने-अपने गंतव्यों तक की यात्रा की है।

लोकप्रिय हो रहा ग्रीन लाइन

बात अगर ग्रीन लाइन (हावड़ा मैदान से सॉल्टलेक सेक्टर 5) रुट की करें तो इस रुट पर 1 और 4 सितंबर को 2 लाख से ज्यादा यात्रियों ने मेट्रो की सवारी की है। वहीं अगस्त के अंतिम सप्ताह में यानी 25 से 31 अगस्त तक मेट्रो से यात्रा करने वाले कुल यात्रियों की संख्या 49 लाख 18 हजार बतायी जाती है।

मेट्रो प्रबंधन का दावा है कि आंकड़ों पर अगर नजर डाली जाए तो काम के सिलसिले में घरों से बाहर निकलने वाले लोग मेट्रो से यात्रा करना ही ज्यादा पसंद कर रहे हैं। मेट्रो में न तो ट्रैफिक में फंसने की चिंता होती है और कम समय में लंबी दूरी भी आसानी से तय हो पाती है। कोलकाता मेट्रो प्रबंधन के अधिकारियों ने उम्मीद जतायी है कि दुर्गापूजा के दौरान यात्रियों की संख्या जरूर नया रिकॉर्ड बनाएगी।

Prev Article
राज्य के सरकारी कर्मियों के डीए बकाया से संबंधित मामले की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित
Next Article
बंगाल में बारिश कब कम होगी? क्या कह रहा है मौसम विभाग ?

Articles you may like: