षष्ठी के दिन बाघाजतिन में महिला का शव घर में फ्रिज के पास से बरामद, जांच शुरू

बाघाजतिन इलाके में घर की महिला का शव बरामद किया गया है। इलाके का माहौल गमगीन बना हुआ है। महिला का शव घर में फ्रिज के पास से बरामद किया गया है।

By Moumita Bhattacharya

Sep 28, 2025 17:54 IST

एक तरफ जब पूरा कोलकाता शहर इस समय रोशनी की चकाचौंध से नहाया हुआ है, वहीं दूसरी तरफ महानगर के बाघाजतिन इलाके में घर की महिला का शव बरामद किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके का माहौल गमगीन बना हुआ है। महिला का शव घर में फ्रिज के पास से बरामद किया गया है।

प्राथमिक तौर पर अनुमान लगाया गया है कि फ्रिज के पीछे का हिस्सा साफ करने के दौरान बिजली का झटका लगने से महिला की मौत हुई है। हालांकि उनकी मृत्यु के पीछे कोई अन्य रहस्य है या नहीं, इसकी जांच भी की जा रही है। मृतका का नाम नमिता पाल बताया जाता है, जो कोलकाता नगर निगम (KMC) की वार्ड नंबर 102 के बाघाजतिन चित्तरंजन कॉलोनी की पुरानी निवासी बतायी जाती है।

मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार घर के निचले तल में वह अकेली ही रहा करती थी। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार फ्रिज के पीछे जमीन को भीगे हुए कपड़े से वह पोंछने का प्रयास कर रही थी। उसी समय अचानक वह चीख उठी।

आसपास के लोग दौड़कर जब वहां पहुंचे तो उन्हें नमिता पाल जमीन पर बेसुध मिली। कुछ देर बाद वह पूरी तरह से बेहोश हो गयी। इसके बाद जादवपुर थाने की पुलिस को घटना की जानकारी दी गयी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतका का शव बरामद किया। मृतका के हाथों पर काले रंग का एक निशान बना हुआ मिला है। क्या बिजली का झटका लगने की वजह से ही वह निशान बना है? या इसका कारण कुछ और है, इन सभी चीजों की जांच की जा रही है।

साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या अचानक किसी अन्य कारणवश बीमार होकर उनकी मौत हो गयी है? जांच अधिकारियों ने बताया कि मृतका का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

Prev Article
षष्ठी की रात को कोलकाता मेट्रो के किस लाइन पर कितने बजे तक मिलेगी सेवाएं?
Next Article
बंगाल में बारिश कब कम होगी? क्या कह रहा है मौसम विभाग ?

Articles you may like: