शमिक ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आम जनता की मदद के लिए आगे आने का किया आह्वान

शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि हमारे पार्टी कार्यकर्ता, कृपया जल संकट और संकट की इस घड़ी में जनता के साथ खड़े हों और मदद का हाथ बढ़ाएं - कोलकाता के नागरिकों को भरोसा दिलाएं।

By Manipushpak Sengupta, Posted By : Moumita Bhattacharya

Sep 25, 2025 13:42 IST

एई समय : भाजपा (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य (Shamik Bhattacharya) ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सिर्फ सत्तारुढ़ पार्टी पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने के बजाए संकट की इस घड़ी में आम जनता के साथ खड़े होने का आग्रह किया है। बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि हमारे पार्टी कार्यकर्ता, कृपया जल संकट और संकट की इस घड़ी में जनता के साथ खड़े हों और मदद का हाथ बढ़ाएं - कोलकाता (Kolkata) के नागरिकों को भरोसा दिलाएं।

साथ ही, उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सोमवार को रात भर हुई बारिश के कारण कोलकाता के कई इलाके पानी में डूब गए। मंगलवार रात तक भी पानी कम नहीं हुआ। दुर्गा पूजा के मौसम में महानगरवासी बेहद मुश्किल में हैं। इससे साबित होता है कि सत्तारूढ़ पार्टी नगर प्रबंधन में कितनी अक्षम और उदासीन है।

प्राकृतिक आपदा को लेकर भाजपा मंगलवार से ही राज्य सरकार पर हमलावर है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बारिश और आपदा पर 'राजनीति' करने के लिए भाजपा की आलोचना की। तृणमूल कांग्रेस ने भी प्रचार करते हुए कहा कि जब विपक्ष सोशल मीडिया पर हंगामा मचा रहा था, तब सत्तारूढ़ पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जलजमाव में खड़े होकर कोलकाता में लोगों की मदद कर रहे थे।

कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम और कई अन्य तृणमूल नेताओं की पानी खड़े होने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं। लेकिन भाजपा ने कोई भी तस्वीर पोस्ट करके यह नहीं बता पाई कि विपक्ष भी उसी राह पर है।

ऐसे माहौल में, बुधवार की सुबह शमिक का संदेश राजनीतिक गलियारों में काफी अहम माना जा रहा है। एक तृणमूल नेता ने इस बारे में कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को फेसबुक पर पार्टी कार्यकर्ताओं से सड़कों पर उतरने का आह्वान करना पड़ रहा है। वह भी महानगर में जलजमाव की स्थिति नियंत्रण में आने के बाद! शमिक भट्टाचार्य द्वारा किए गए आह्वान से स्पष्ट है कि भाजपा मंगलवार को सड़कों पर नहीं थी।

हालांकि, भाजपा ने विरोध जताते हुए यह कहा है कि यह जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। बुनियादी ढांचा राज्य सरकार के हाथ में है। इसलिए सरकार को ही आम जनता की परेशानी कम करने के लिए व्यवस्था करनी चाहिए। केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि जल जमाव हो सकता है। लेकिन विद्युत स्पर्शाघात से इतनी जानें क्यों गई! लापरवाही राज्य सरकार की है, विपक्ष की नहीं। इसलिए तृणमूल कांग्रेस को जवाब देना चाहिए।

सूत्रों के अनुसार, बंगाल भाजपा के एक समूह को यह एहसास हो गया है कि कोलकाता के जल संकट के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराना आम लोगों को रास नहीं आ रहा है। इसलिए, सरकार की आलोचना के अलावा, शमिक ने भाजपा कार्यकर्ताओं से पानी में उतरने और संकट की इस घड़ी में आम लोगों के साथ खड़े होने की फोटो को भी सबके सामने लाने की बात कही है।

हालांकि इसकी आलोचना करते हुए तृणमूल के राज्य उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार का कहना है कि सोमवार को 40 सालों में पहली बार रिकॉर्ड बारिश हुई। मनुष्य प्रकृति को नियंत्रित नहीं कर सकता। लेकिन तृणमूल के सभी क्षेत्रों के नेता और कार्यकर्ता जनता के साथ खड़े रहे। आपदा वाले दिन भाजपा सोशल मीडिया पर व्यस्त रही। उन्होंने लोगों के साथ खड़े होने के लिए सड़कों पर उतरने के बारे में नहीं सोचा। जब पानी कम हो गया उसके बाद वे जागे।

Prev Article
विद्युत स्पर्शाघात ने ले ली इतनी जान! राज्य सरकार, CESC और केएमसी से हाई कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट
Next Article
बंगाल में बारिश कब कम होगी? क्या कह रहा है मौसम विभाग ?

Articles you may like: