नवमी को कैसा रहेगा मौसम? दुर्गा पूजा का उल्लास होगा दोगुना या बारिश बनेगी विलेन

नवरात्रि के आखिरी दिन पूरी रात जागकर कोलकाता के विभिन्न पंडालों में घूमने का अगर आपने प्लान बनाया है, तो जरा संभल कर। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दुर्गा पूजा के उत्साह में बारिश खलल डाल सकती है।

By Moumita Bhattacharya

Oct 01, 2025 11:40 IST

दुर्गा पूजा का उल्लास अपने चरम पर पहुंच चुका है। आज, बुधवार, को महानवमी है। नवरात्रि के आखिरी दिन पूरी रात जागकर कोलकाता के विभिन्न पंडालों में घूमने का अगर आपने प्लान बनाया है, तो जरा संभल कर। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दुर्गा पूजा के उत्साह में बारिश खलल डाल सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि नवमी को एक शक्तिशाली निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में वज्रपात के साथ बारिश होने की पूरी संभावना जतायी गयी है। इसके साथ ही तटवर्तीय जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी बहने की संभावना है।

मौसम विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मध्य बंगाल की खाली पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र लगातार शक्तिशाली बन रहा है। संभावना है कि बुधवार को यह स्पष्ट निम्न दबाव में बदल सकता है। इसलिए मौसम विभाग ने दुर्गा पूजा के समापन के दौरान भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की है।

कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में विजयादशमी और एकादशी वाले दिन भारी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। मछुआरों को भी सावधान किया जा चुका है और 1 से 4 अक्तूबर तक उन्हें गहरे समुद्र में जाने से मना किया गया है।

नवमी को कोलकाता का मौसम

मौसम विभाग ने नवमी की रात को घूमने निकलने वालों को सावधान किया है। इस दिन दुर्गा पूजा के उत्साह को बारिश कीचड़ में मिला सकती है। अगर आप रात को घूमने निकलने वाले हैं, तो साथ में छाता जरूर लेकर जाएं। बताया जाता है कि बुधवार को कोलकाता में वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है।

गुरुवार और शुक्रवार को भी कोलकाता में बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। शनिवार से बारिश के कम होने की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है। हालांकि रविवार को, जिस दिन कोलकाता कार्निवल का आयोजन होगा, भी एक बार फिर बारिश दुर्गा पूजा के उत्साह में खलल डाल सकती है।

दक्षिण बंगाल का मौसम

हावड़ा, दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर में दशमी के दिन भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने तेज हवाएं बहने की संभावना जतायी है। दक्षिण बंगाल के तटवर्तीय जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी बहेगी।

बताया जाता है कि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में एकादशी के दिन भारी बारिश होने की संभावना है। जिन जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है उनमें वीरभूम, पश्चिम वर्धमान, मुर्शिदाबाद शामिल है। इसके साथ ही बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, पूर्व वर्धमान में भी भारी बारिश हो सकती है। पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम और दक्षिण 24 परगना में 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं बहेंगी।

उत्तर बंगाल में भी नवमी को बारिश होने की संभावना है। दार्जिलिंग, कालिंगपोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कुचबिहार में दशमी को भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही मालदह और दोनों दिनाजपुर में भी बारिश के साथ तेज हवाएं बह सकती हैं।

Prev Article
त्रिधारा में 'अघोरी नृत्य' रोकने के लिए पुलिस की नोटिस, आयोजक ने स्वीकारा
Next Article
बंगाल में बारिश कब कम होगी? क्या कह रहा है मौसम विभाग ?

Articles you may like: