एक बार फिर से देश का सबसे सुरक्षित शहर बना कोलकाता (Kolkata)। हाल ही में जारी की गयी राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) 2023 की रिपोर्ट के अनुसार देश का सबसे सुरक्षित शहर कोलकाता है। इस तरह लगातार चौथी बार यह खिताब कोलकाता ने अपने नाम किया है।
देश भर के कुल 19 शहरों को लेकर यह सर्वेक्षण किया गया था। इस रिपोर्ट में अपराध नियंत्रण में कोलकाता पुलिस द्वारा तकनीक के उपयोग का भी विशेष तौर पर उल्लेख किया गया है।
एनसीआरबी 2023 की रिपोर्ट के अनुसार देश के सबसे असुरक्षित शहरों की सूची में कोच्चि शीर्ष पर है। यहां प्रति एक लाख में 3,192.4 अपराध हुए हैं। असुरक्षित शहरों की सूची में दूसरे स्थान पर दिल्ली है। वहां प्रति लाख में 2105.3 अपराध हुए हैं। इस सूची में तीसरे स्थान पर गुजरात का सूरत है। वहां प्रति लाख में 1377.1 अपराध दर्ज किए गए हैं।
वहीं बात अगर देश के सबसे सुरक्षित शहरों की करें तो इस सूची में कोलकाता के बाद दूसरे स्थान पर हैदराबाद है। वहां प्रति लाख में 332.3 अपराध होते हैं। इस सूची में तीसरे स्थान पर पुणे है। वहां प्रति लाख में 337.1 अपराध दर्ज किए गए हैं। मुंबई में प्रति लाख में 355.4 अपराध हुए हैं। कोलकाता ने लगातार चौथी बार सुरक्षित शहरों की सूची में पहला स्थान हासिल किया है।
एनसीआरबी की रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले दो सालों की तुलना में 2023 में कोलकाता में अपराध की प्रवृत्ति कम हुई है। 2022 में यह संख्या प्रति लाख में 86.5 थी और 2021 में 103.5 थी। 2016 से ही कोलकाता में अपराध की प्रवृत्ति कम हो रही है। उस वर्ष शहर में प्रति लाख में कॉग्निजेबल ऑफेंस या न्यायालय ग्राह्य अपराध 159.6 दर्ज किए गए थे। 29 सितंबर को प्रकाशित एनसीआरबी की 2023 की रिपोर्ट के अनुसार संबंधित वर्ष (2023) में यह संख्या कोलकाता में 83.9 है।
इस रिपोर्ट के अनुसार कोलकाता में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की संख्या में भी गिरावट आयी है। 2023 में महिलाओं पर अत्याचार से संबंधित 1,746 शिकायतें दर्ज की गईं। 2022 में यह संख्या 1,890 थी और 2021 में 1,783 थी।
कोलकाता में प्रति लाख में महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर 25.7 है, जो देश में तीसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर चेन्नई है (महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर प्रति लाख में 17.3) और दूसरे स्थान पर कोयंबटूर है (महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर प्रति लाख में 22.7)। 2023 में कोलकाता में 10 वयस्कों से दुष्कर्म की घटनाएं दर्ज की गईं। 2022 और 2021 में यह संख्या 11 थी।
2023 में 172 नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म की घटनाएं कोलकाता में दर्ज की गईं। इस बारे में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राज्य की महिला और बाल कल्याण मंत्री शशि पांजा ने कहा कि एनसीआरबी की रिपोर्ट ने हमारे दावे को सही साबित कर दिया है कि कोलकाता एक सुरक्षित शहर है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बार-बार कहा है कि किसी भी प्रकार के अपराध के मामले में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए।
इस बीच तृणमूल के सोशल मीडिया हैंडल से एनसीआरबी की रिपोर्ट शेयर की गई है।