Kolkata Metro : पंचमी को ब्लू लाइन में रिकॉर्ड भीड़, नवमी तक कितने यात्रियों ने की मेट्रो से सवारी?

पिछले साल के मुकाबले इस साल कोलकाता में मेट्रो लाइन का कहीं ज्यादा विस्तार हो चुका है जिसका यात्रियों ने भरपूर लाभ भी उठाया है। हावड़ा से सियालदह, एस्प्लेनेड जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन होते हुए सीधे सॉल्टलेक सेक्टर 5 तक पहुंचना, यात्रियों के लिए सबसे अधिक सुविधा जनक रहा।

By Moumita Bhattacharya

Oct 03, 2025 12:53 IST

इस साल दुर्गा पूजा में कोलकाता (Kolkata Durga Puja) के अलग-अलग इलाकों में घूमने वालों के लिए परिवहन का सबसे आसान साधन बनकर उभरा कोलकाता मेट्रो (Kolkata Metro)। पिछले साल के मुकाबले इस साल कोलकाता में मेट्रो लाइन का कहीं ज्यादा विस्तार हो चुका है जिसका यात्रियों ने भरपूर लाभ भी उठाया है।

हावड़ा से सियालदह, एस्प्लेनेड जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन होते हुए सीधे सॉल्टलेक सेक्टर 5 तक पहुंचना, यात्रियों के लिए सबसे अधिक सुविधा जनक रहा।

यहीं वजह है कि पंचमी को ब्लू लाइन मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या ने रिकॉर्ड बना दिया।

आइए जान लेते हैं, दुर्गा पूजा में पंचमी से नवमी के दौरान कितने यात्रियों ने कौन से लाइन पर यात्रा की!

कोलकाता मेट्रो सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस साल मेट्रो में सबसे ज्यादा यात्रियों की भीड़ पंचमी को हुई। इस दिन दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम स्टेशन तक चलने वाली ब्लू लाइन मेट्रो से होकर कुल 9.82 लाख यात्रियों ने यात्रा की। इनमें से सर्वाधिक 7.43 लाख यात्रियों ने ब्लू लाइन से यात्रा की, जो इस साल दुर्गा पूजा का नया रिकॉर्ड बन गया। इसके साथ ही हावड़ा मैदान से सॉल्टलेक सेक्टर 5 के बीच चलने वाली ग्रीन लाइन मेट्रो से होकर 2.21 लाख यात्रियों ने सफर किया। ऑरेंज व पर्पल लाइन से 0.18 लाख यात्रियों ने सफर किया।

षष्ठी वाले दिन कोलकाता मेट्रो से कुल 8.33 लाख यात्रियों ने सफर किया जिसमें से सर्वाधिक 6.46 लाख यात्रियों ने ब्लू लाइन से यात्रा की। ग्रीन लाइन से 1.67 लाख यात्री और अन्य दोनों लाइनों से होकर 0.2 लाख यात्रियों ने यात्रा की।

सप्तमी के दिन कुल 9.04 लाख यात्रियों ने मेट्रो यात्रा का लुत्फ उठाया। इस दिन 7.02 लाख यात्री ब्लू लाइन, 1.77 लाख यात्री ग्रीन लाइन और 0.25 लाख यात्रियों ने पर्पल व यलो लाइन से सफर किया।

अष्टमी वाले दिन कुल 8.27 लाख यात्री मेट्रो से घूमने निकले। इस दिन पूरी रात मेट्रो सेवा उपलब्ध रही। इस दिन सर्वाधिक 6.37 लाख यात्रियों ने ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवा का लाभ उठाया। वहीं ग्रीन लाइन से 1.65 लाख यात्री और अन्य दोनों लाइन पर 0.25 लाख यात्रियों ने यात्रा की।

मेट्रो सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नवमी के दिन कुल 8.16 लाख यात्रियों ने पूरी रात मेट्रो के अलग-अलग रुट्स पर यात्रा की। इसमें से सर्वाधिक 6.26 लाख यात्रियों ने ब्लू लाइन, 1.69 लाख यात्रियों ने ग्रीन लाइन और 0.21 लाख यात्रियों ने अन्य दोनों लाइन पर सफर किया।

Prev Article
कोलकाता समेत कई जिलों में बारिश की संभावना, कैसा रहेगा अगले दो दिनों का मौसम?
Next Article
बंगाल में बारिश कब कम होगी? क्या कह रहा है मौसम विभाग ?

Articles you may like: