दुर्गा पूजा के समापन के बाद अब प्रतिमाओं के विसर्जन की प्रक्रिया चल रही है। कोलकाता के बेहला इलाके में मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के लिए निकले पूजा कमेटी के युवा सदस्य की सड़क हादसे में जान चली गयी। मिली जानकारी के अनुसार अलीपुर इलाके में हाई बार से टकरा जाने के कारण विसर्जन के ट्रक पर ऊपर बैठे पूजा कमेटी के एक सदस्य की मौत हो गयी। घटना के बाद से ही इलाके में शोक छाया हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम उत्सव चट्टोपाध्याय था। वह बेहाला सेनहाटी सांतरापाड़ा पूजा समिति का सदस्य था। मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के लिए युवक बहुत उत्साहित था। गुरुवार को विसर्जन की जब शोभायात्रा निकली तो वह सबसे पहले प्रतिमा के ट्रक के ऊपर चढ़कर बैठ गया। अलीपुर से होते हुए शोभायात्रा बाबूघाट की ओर प्रतिमा विसर्जन के लिए आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान अलीपुर चिड़ियाघर के पास युवक हादसे का शिकार हो गया।
बताया जाता है कि अलीपुर में मौजूद एक हाई बार ट्रक के ऊपर बैठे युवक के सिर से जोर से टकरा गया। हालांकि ड्राईवर ने तुरंत ब्रेक लगा दी थी लेकिन हादसे को टाला नहीं जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सिर पर सीधे हाई बार की चोट लगने से उत्सव ट्रक के ऊपर से सीधे नीचे आ गिरा। गिरते समय पहले वह प्रतिमा पर गिरा। उसके टकराने की वजह से प्रतिमा के सिर का हिस्सा टूटकर वह खंडित हो गयी।
गंभीर रूप से घायलावस्था में खुन से लथपथ उक्त युवक को तुरंत एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से त्योहार के खत्म होने से पहले ही इलाके में शोक छा गया है। बताया जाता है कि उत्सव पेशे से ड्रमर था। युवक की इस तरह की दर्दनाक मौत ने सबको सकते में डाल दिया है।
विसर्जन की शोभायात्रा में भाग लेने वाले पूजा कमेटी के अन्य सदस्यों ने बताया कि वह युवक गंतव्य की ओर पीठ करके बैठा था। इसलिए सामने आ रहे हाई बार को वह देख नहीं पाया। साथ ही कमेटी के सदस्यों ने सड़क पर रोशनी कम होने का आरोप भी लगाया। बताया जाता है कि इसी वजह से ट्रक का ड्राईवर भी हाई बार पर ध्यान नहीं दे पाया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि अगर वहां रोशनी की पूरी व्यवस्था होती तो शायद दुर्घटना को टाला जा सकता था।