दुर्गा पूजा के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कोलकाता आने वाले हैं। मिली जानकारी के अनुसार शाह शुक्रवार को, चतुर्थी के दिन कोलकाता में संतोष मित्रा स्क्वायर समेत 3 अन्य दुर्गा पूजा पंडालों का उद्घाटन करेंगे। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस बार शाह का महानगर में आने का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा का उद्घाटन करना ही है। राजनैतिक जानकारों का यह मानना है कि दुर्गा पूजा को हथियार बनाकर भाजपा साल 2026 को होने वाले चुनावों से पहले वोटबॉक्स का पलड़ा अपनी तरफ झुकाना चाहती है।
हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है कि अमित शाह कोलकाता में दुर्गा पूजा का उद्घाटन करने आ रहे हैं।
इस साल संतोष मित्रा स्क्वॉयर का दुर्गा पूजा का थीम 'ऑपरेशन सिंदुर' रखा गया है। भाजपा पार्षद सजल घोष ने ही मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कोलकाता आने की बात पर मुहर लगायी है। इससे पहले वर्ष 2023 में भी शाह ने उत्तर कोलकाता में मौजूद इस दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन किया था। उस साल इस पंडाल को 'राम मंदिर' की थीम पर बनाया गया था।
बताया जाता है इस दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन चतुर्थी के दिन भले ही अमित शाह करेंगे लेकिन पूजा पंडाल को दर्शनार्थियों के लिए उससे पहले ही खोल दिया जाएगा। पूजा कमेटी के सदस्यों ने बताया कि मंगलवार यानी द्वितीया के दिन से ही आम दर्शनार्थी इस दुर्गा पूजा पंडाल में देवी दुर्गा के दर्शन के लिए प्रवेश कर सकेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को अमित शाह संतोष मित्रा स्क्वायर के पंडाल का उद्घाटन करने के साथ ही लेक एविन्यू सेवक संघ के दुर्गा पूजा पंडाल, पश्चिम बंगाल संस्कृति मंच द्वारा आयोजित हो रही EZCC के दुर्गा पूजा पंडाल का भी उद्घाटन करेंगे। गौरतलब है कि साल 2021 में EZCC की दुर्गा पूजा का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली किया था।
बताया जाता है कि गुरुवार की रात को ही अमित शाह कोलकाता पहुंच जाएंगे। तीनों दुर्गा पूजा पंडालों का उद्घाटन करने के बाद शुक्रवार की रात को वह वापस दिल्ली लौट जाएंगे।