बांसद्रोणी में फ्लैट के अंदर से मिली मां-बेटे की सड़ी हुई लाश

मां और बेटे ने आत्महत्या की है या उनकी मृत्यु के पीछे कोई और रहस्य छिपा हुआ है, इसकी अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

By Somnath Mondal, Posted By : Moumita Bhattacharya

Sep 24, 2025 13:40 IST

एई समय : कोलकाता के बांसद्रोणी इलाके में एक फ्लैट के अंदर से पुलिस ने मां और बेटे का सड़ा-गला शव बरामद किया है। बताया जाता है कि विश्वकर्मा पूजा के दिन से दोनों मां-बेटे से फोन पर कोई भी रिश्तेदार संपर्क नहीं कर पा रहा था। मंगलवार की सुबह फ्लैट से बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। तुरंत स्थानीय थाने को खबर दी गई।

दोपहर लगभग 2.30 बजे पुलिस ने दोनों मां-बेटे का सड़ा हुआ शव बरामद किया। हालांकि मां और बेटे ने आत्महत्या की है या उनकी मृत्यु के पीछे कोई और रहस्य छिपा हुआ है, इसकी अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। इस बारे में निश्चित होने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बांसद्रोणी नॉर्दर्न पार्क के इस फ्लैट में शीला दासगुप्त (69) और उनका बेटा सुतीर्थ दासगुप्त (38) रहते थे। डेढ़ साल पहले चार मंजिला इस बिल्डिंग में सबसे नीचे का एक फ्लैट उन्होंने खरीदा था। बताया जाता है कि पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर दोनों का शव बरामद किया। उस फ्लैट में प्रवेश करने का कोई और दरवाजा नहीं है। इसलिए जांच अधिकारियों को संदेह है कि उन्हें किसी ने मारा है या नहीं।

मृतका के पति नीलाचल दासगुप्त ओडिशा के पुरी में स्थित एक कॉलेज के प्रोफेसर थे। वहीं पर उनकी मौत हो गई थी। इस परिवार का एक घर पुरी में भी है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुतीर्थ को मानसिक समस्या थी। दूसरी ओर, शीला दासगुप्त का भुवनेश्वर के एक अस्पताल में मस्तिष्क का ऑपरेशन हुआ था।

शव के साथ-साथ घटनास्थल से कई दवाइयां भी बरामद की गयी हैं। पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों मां-बेटे का इलाज कोलकाता के ढाकुरिया के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। इसलिए शारीरिक समस्या के कारण मानसिक अवसाद से ग्रसित होकर कहीं उन्होंने आत्महत्या तो नहीं कर ली है, इस पहलु की जांच भी पुलिस कर रही है।

रिश्तेदारों से पुलिस को जानकारी मिली है कि 17 सितंबर से फोन पर मां और बेटे से संपर्क नहीं हो पा रहा था। मंगलवार की सुबह भी रिश्तेदारों ने उन्हें फोन किया था लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इधर, उस फ्लैट के अंदर से पड़ोसियों को बदबू आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने पर भी किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद, बांसद्रोणी थाने को खबर दी गई। पुलिस ने आकर शव बरामद किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों शव कमरे के फर्श पर पड़े थे।

Prev Article
कोलकाता के कौन से इलाके अभी भी जलमग्न?
Next Article
बंगाल में बारिश कब कम होगी? क्या कह रहा है मौसम विभाग ?

Articles you may like: