एई समय : लगभग 5 घंटे तक हुई रिकॉर्ड बारिश में पूरा कोलकाता जलमग्न हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार की रात से मंगलवार की सुबह तक महानगर में भारी से अतिभारी बारिश होने की भविष्यवाणी की थी। उत्तर से दक्षिण तक महानगर का हर हिस्सा जलमग्न हो गया है। मंगलवार की सुबह से ही सड़कों पर लोग हैरान-परेशान दिखाई दे रहे हैं। भारी बारिश की वजह से महानगर की लाइफ लाइन कहलाने वाली मेट्रो सेवा (Kolkata metro) भी प्रभावित हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार ब्लू लाइन (North-East) मेट्रो कॉरिडोर पर मैदान से शहीद खुदीराम स्टेशन तक मेट्रो सेवाएं पूरी तरह बंद हो गयी हैं। इस मेट्रो लाइन पर अप और डाउन दोनों लाइनों पर सेवाएं प्रभावित हैं। इस कारण दक्षिण कोलकाता मेट्रो रूट से पूरी तरह से कट गया है।
इस कोलकाता मेट्रो रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारी बारिश के कारण मेट्रो लाइन पर पानी आ जाने की वजह से ही मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई हैं। मेट्रो अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण महानायक उत्तम कुमार और रवींद्र सरोवर स्टेशनों के बीच के हिस्से में पानी जमा हो गया है।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए शहीद खुदीराम से मैदान स्टेशन तक मेट्रो सेवाएं बंद कर दी गई हैं। हालांकि, दक्षिणेश्वर से मैदान स्टेशन तक मेट्रो सेवाएं सामान्य हैं। बताया जाता है कि इन स्टेशनों के बीच अप और डाउन दोनों लाइनों पर मेट्रो निर्धारित समयानुसार ही चल रही हैं। वहीं ग्रीन लाइन पर भी मेट्रो सेवाएं सामान्य हैं। सॉल्टलेक सेक्टर 5 से हावड़ा मैदान तक मेट्रो सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार ही उपलब्ध हैं।
हालांकि मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि ब्लू लाइन पर भी मेट्रो सेवाओं को जल्द ही सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। युद्धकालीन तत्परता के साथ लाइन पर भरे पानी को निकालने का काम चल रहा है। उम्मीद है कि अगर अब और बारिश नहीं हुई तो सेवाएं जल्द ही सामान्य हो जाएंगी। दूसरी ओर, जलमग्न महानगर के रास्तों पर गिनी-चुनी बसें चल रही हैं। इस वजह से उत्तर और मध्य कोलकाता में आवाजाही करने वाले लोगों की भारी भीड़ मेट्रो स्टेशनों पर ही उमड़ रही है।