अगर आप नोआपाड़ा-एयरपोर्ट मेट्रो रूट से होकर यात्रा करते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। कोलकाता मेट्रो प्रबंधन ने अब सप्ताहांत (शनिवार-रविवार) को भी मेट्रो सेवाओं को उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है। इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार 13 सितंबर से अब सप्ताहांत में भी नोआपाड़ा से जय हिंद (कोलकाता एयरपोर्ट) रूट पर मेट्रो चलाने का फैसला लिया गया है।
बता दें, गत 22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता का दौरा किया था जिस दौरान उन्होंने 3 मेट्रो रूट का उद्घाटन किया था। इनमें से एक रूट नोआपाड़ा-एयरपोर्ट है। नोआपाड़ा से कोलकाता एयरपोर्ट तक 4 स्टेशनों (नोआपाड़ा, दमदम कैंटोनमेंट, जशोर रोड और जय हिंद यानी कोलकाता एयरपोर्ट) के बीच मेट्रो सेवाओं की शुरुआत 25 अगस्त से कर दी गयी थी। अब इस रूट पर सप्ताहांत में भी मेट्रो चलाने का फैसला लिया गया है।
बताया जाता है कि शनिवार की सुबह 7.35 बजे से रात 8.32 बजे तक मेट्रो सेवाएं इस रूट पर उपलब्ध होगी। वहीं रविवार की सुबह 8.35 से रात 8.22 बजे तक मेट्रो सेवाओं का लाभ यात्री उठा सकेंगे। इन दोनों दिन मेट्रो सेवाएं 35 मिनट के अंतराल पर मिलेगी। गौरतलब है कि मेट्रो कोलकाता की लाइफलाइन बनती जा रही है। अलग-अलग रूट्स पर मेट्रो सेवाओं के शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा हो रही है।
हाल ही में मेट्रो प्रबंधन की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि 8 सितंबर को सभी रूट्स को मिलाकर कुल 8 लाख यात्रियों ने मेट्रो सफर का लाभ उठाया है। इसमें सर्वाधिक, 5 लाख 70 हजार यात्रियों ने ब्लू लाइन मेट्रो का इस्तेमाल किया था। इसके अलावा हावड़ा को सियालदह होते हुए सॉल्टलेक सेक्टर 5 से जोड़ने वाली ग्रीन लाइन मेट्रो की लोकप्रियता भी दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है।