टेक्सासः अमेरिका के टेक्सास के ऑस्टिन इलाके में एक बार के बाहर हुई गोलीबारी को लेकर नई जानकारी सामने आई है। इस हमले में मारे गए तीन लोगों में भारतीय मूल की छात्रा सविता सान (21) भी शामिल हैं। इस घटना में आतंकवाद से जुड़े संभावित संबंध की भी जांच की जा रही है।
अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) का मानना है कि यह घटना किसी तरह अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे मौजूदा तनाव से जुड़ी हो सकती है। हालांकि अभी जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
क्या हुआ था उस रात?
पिछले रविवार ऑस्टिन के वेस्ट सिक्स्थ स्ट्रीट इलाके में स्थित लोकप्रिय बीयर गार्डन बुफोर्ड्स में एक बंदूकधारी ने हमला कर दिया। इस गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हुए।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया। हमलावर नडियागा डियाग्ने (53) पर जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें उसकी भी मौत हो गई।
समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक हमलावर ने हुडी पहनी हुई थी, जिस पर ईरान का झंडा बना था और उस पर “प्रॉपर्टी ऑफ अल्लाह” लिखा हुआ था। इसी कारण एफबीआई इस मामले में संभावित आतंकवादी संबंध की भी जांच कर रही है।
कौन थीं सविता सान?
सविता सान एक भारतीय-अमेरिकन छात्रा थीं और उनकी उम्र 21 वर्ष थी। वह यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास में मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स और इकोनॉमिक्स की पढ़ाई कर रही थीं।
मैककॉम्ब्स स्कूल ऑफ बिजनेस के एक प्रोफेसर ने उन्हें “सुपरस्टार स्टूडेंट” बताया। उनका ग्रेजुएशन इसी साल मई में पूरा होने वाला था।
इस हमले में सविता सान के अलावा जॉर्ज पेडरसन (30) और राइडर हैरिंगटन (19) की भी मौत हुई।
क्यों अहम है सिक्स्थ स्ट्रीट?
ऑस्टिन की सिक्स्थ स्ट्रीट शहर की नाइटलाइफ का मुख्य केंद्र मानी जाती है। यहां रात भर रोशनी, संगीत और लोगों की भीड़ रहती है। सविता का विश्वविद्यालय कैंपस भी इसी इलाके के काफी पास है। रविवार रात इसी व्यस्त इलाके में यह भयावह घटना हुई, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया।