🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अमेरिका: मोंटाना में महात्मा गांधी की पहली प्रतिमा का अनावरण

यह प्रतिमा भारत सरकार की ओर से भेंट की गई है और यह गांधीजी के शांति और अहिंसा के स्थायी आदर्शों को समर्पित है।

By राखी मल्लिक

Mar 04, 2026 12:54 IST

मोंटाना : अमेरिका के मोंटाना राज्य में महात्मा गांधी की पहली प्रतिमा (बस्ट) का अनावरण किया गया। यह अनावरण मिसूला स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ मोंटाना के प्रतिष्ठित माइक मैन्सफील्ड सेंटर में हुआ। इसे भारत-अमेरिका संबंधों में एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक उपलब्धि माना जा रहा है।

सिएटल स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने ‘इंडिया इन सिएटल’ के आधिकारिक एक्स पोस्ट में बताया कि इस प्रतिमा का अनावरण मोंटाना के गवर्नर ग्रेग जियानफोर्टे और सिएटल में भारत के महावाणिज्य दूत ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर राज्य के वरिष्ठ अधिकारी, विश्वविद्यालय के प्राध्यापक और छात्र, तथा मोंटाना वर्ल्ड अफेयर्स काउंसिल के सदस्य उपस्थित रहे।

पोस्ट के अनुसार यह प्रतिमा भारत सरकार की ओर से भेंट की गई है और यह गांधीजी के शांति और अहिंसा के स्थायी आदर्शों को समर्पित है।

समारोह में गवर्नर जियानफोर्टे ने कहा कि गांधीजी का जीवन हमें याद दिलाता है कि नेतृत्व का आधार चरित्र होता है। प्रतिमा पर अंकित उनका यह कथन कि अच्छे विचार बिना कर्म अर्थहीन हैं, और यह मोंटाना के लिए भी प्रेरणादायक है।

एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार कार्यक्रम में मोंटाना की प्रथम महिला सुसान जियानफोर्टे सहित राज्य के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और शिक्षाविद भी उपस्थित थे।

इससे पहले रविवार को अमेरिका ने भारत के साथ संबंधों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दक्षिण और मध्य एशिया मामलों के लिए सहायक विदेश मंत्री एस पॉल कपूर तीन दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे।

भारत में अमेरिकी दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारत में आपका स्वागत है, सहायक मंत्री पॉल कपूर! इस सप्ताह भारतीय साझेदारों के साथ सार्थक बैठकों की आशा है, ताकि अमेरिका-भारत साझेदारी को और आगे बढ़ाया जा सके।

दूतावास के आधिकारिक बयान के अनुसार 1 से 3 मार्च तक की इस यात्रा के दौरान कपूर ने क्षेत्रीय सुरक्षा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा प्राथमिकताओं पर चर्चा के लिए भारतीय अधिकारियों से मुलाकात की।

बयान में कहा गया कि यह यात्रा हालिया कूटनीतिक प्रगति को आगे बढ़ाने और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मजबूत और पारस्परिक रूप से लाभकारी अमेरिका-भारत संबंधों के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Next Article
नेपाल चुनाव रिजल्‍टः Gen-Z के हीरो बालेन शाह बंपर जीत की ओर, 70 सीटों पर चल रहे आगे

Articles you may like: