न्यूयॉर्क : फीफा विश्व कप 2026 के आगाज में अब सिर्फ 100 दिन शेष हैं। इस ऐतिहासिक अवसर को चिह्नित करने के लिए मंगलवार को एम्पायर स्टेट बिल्डिंग को अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको के राष्ट्रीय रंगों से रोशन किया गया। तीनों मेजबान देशों के प्रतिनिधियों ने इस मौके पर संयुक्त रूप से उत्सव मनाया और टूर्नामेंट की तैयारियों पर संतोष जताया।
फीफा विश्व कप 2026 में पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी और रिकॉर्ड 104 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता की शुरुआत 11 जून को मैक्सिको सिटी स्टेडियम में होगी जबकि फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा।
अमेरिकी सॉकर महासंघ के सीईओ और महासचिव जेटी बैटसन ने कहा कि तीनों देशों में विश्व स्तरीय स्टेडियम, हवाई अड्डे, होटल और मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार है। उनके अनुसार, अब दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल महाकुंभ के स्वागत का समय है।
मैक्सिकन फुटबॉल महासंघ के महासचिव इनिगो रिस्ट्रा ने विश्व कप को दुनिया का सबसे बड़ा आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि उद्घाटन मैच को लगभग छह अरब दर्शक देखेंगे और यह टूर्नामेंट आपसी सहयोग और टीम वर्क का उत्कृष्ट अवसर है।
कनाडा सॉकर के अध्यक्ष पीटर ऑगुरुसो ने फुटबॉल को ‘सार्वभौमिक भाषा’ बताया, जो किसी एक भाषा तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस खेल में टीम भावना सर्वोपरि है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।
इस अवसर पर आधिकारिक टूर्नामेंट पोस्टर भी जारी किया गया, जिसमें कोलाज शैली में एक केंद्रीय खिलाड़ी को दर्शाया गया है, जो फुटबॉल की वैश्विक एकता की भावना को प्रतिबिंबित करता है।