🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

शिवांक अवस्थी कौन था? भारतीय छात्र की हत्या क्यों हुई? टोरंटो में सनसनी

शिवांक स्कारबरो कैंपस में ही पढ़ते थे। उसी कैंपस के सामने बदमाशों ने उन्हें गोली मारकर हत्या कर दी। लेकिन शिवांक की हत्या किसने की? दुश्मनी या कोई और वजह?

By कौशिक भट्टाचार्य, Posted by डॉ.अभिज्ञात

Dec 26, 2025 17:05 IST

टोरंटोः एक होनहार युवा। चेहरे पर हमेशा मुस्कान। पढ़ाई में भी बेहद तेज़। 20 वर्षीय शिवांक अवस्थी टोरंटो विश्वविद्यालय में पढ़ता था। स्कारबरो कैंपस के सामने बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। उसके सहपाठी शोक में डूबे हैं। इस घटना पर भारत के विदेश मंत्रालय ने भी शोक व्यक्त किया है। लेकिन शिवांक की हत्या क्यों हुई-इस पर टोरंटो पुलिस ने अभी तक कुछ नहीं कहा है।

टोरंटो पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीते मंगलवार को स्कारबरो कैंपस के सामने से गुजरते समय कुछ बदमाशों ने उसे घेर लिया। कुछ समझ पाने से पहले ही उनमें से एक ने गोली चला दी। खून से लथपथ होकर शिवांक गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

कौन था शिवांक अवस्थी?

शिवांक टोरंटो विश्वविद्यालय का छात्र था और स्कारबरो कैंपस में पीएचडी कर रहा था। विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, वह तीसरे वर्ष का छात्र था। इसके साथ ही वह यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबरो (UTSC) की आधिकारिक चीयरलीडिंग टीम का सदस्य भी था।

शिवांक के निधन पर UTSC चीयरलीडिंग टीम ने शोक व्यक्त किया। आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर लिखा गया, “हम अपने प्रिय सदस्य शिवांक अवस्थी के आकस्मिक निधन से स्तब्ध और गहरे शोक में हैं। उनसे बात करते ही सबके चेहरे पर मुस्कान आ जाती थी। टीम के लिए उनका होना सौभाग्य की बात थी। शांति से विश्राम करें, शिवांक। चीयरलीडिंग टीम आपको हमेशा प्यार करेगी। आप हमेशा हमारे दिल में रहेंगे।”

घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया और पूरे कैंपस को खाली करा लिया गया। सोशल मीडिया पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हाइलैंड क्रीक वैली क्षेत्र के सभी प्रवेश मार्ग फिलहाल बंद कर दिए गए हैं और पुलिस के अगले आदेश तक वे बंद रहेंगे।

शिवांक की मौत पर भारत के विदेश मंत्रालय ने भी शोक व्यक्त किया है। पीड़ित छात्र के परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन देते हुए टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास (कांसुलेट जनरल) ने X पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “टोरंटो विश्वविद्यालय के स्कारबरो कैंपस के पास गोली लगने से भारतीय छात्र शिवांक अवस्थी की मौत से हम बेहद दुखी हैं। इस कठिन समय में कांसुलेट परिवार के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।”

Prev Article
रूस ने पुतिन आलोचक उडल्त्सो को 6 साल की जेल की सजा सुनाई
Next Article
न्यू ईयर से पहले तुर्किये में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, आईएस से जुड़ा संदिग्ध गिरफ्तार

Articles you may like: