🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बर्फबारी में जापान का एक्सप्रेसवे बना मौत का जाल, 50 गाड़ियां टकराईं, 1 की मौत, 26 घायल

बर्फ की वजह से सड़कें गीली थीं। ब्रेक नहीं लगे। 50 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। कई गाड़ियों में आग लग गई।

By कौशिक भट्टाचार्य, Posted by: श्वेता सिंह

Dec 27, 2025 12:04 IST

टोक्योः क्रिसमस के बाद से ही जापान में बर्फबारी शुरू हो गई है। बर्फ से सड़कों की हालत खराब है। इसी के चलते शुक्रवार शाम टोक्यो के उत्तर में स्थित मिनाकामी शहर के कान-एत्सु एक्सप्रेसवे पर एक भयानक दुर्घटना हुई। पहले दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर हुई। दोनों ट्रक सड़क पर रुक गए और उनमें आग लग गई। फिसलन भरी सड़क पर ब्रेक न लग पाने के कारण उनके पीछे आ रही कम से कम 50 गाड़ियां एक के बाद एक टकराने लगीं। हादसे में एक बुज़ुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि 26 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

राजधानी टोक्यो से लगभग 160 किलोमीटर दूर है मिनाकामी शहर। बर्फबारी के कारण सड़कों की हालत पहले से ही बेहद खराब थी। टायर फिसल रहे थे, इसलिए चालक बहुत सावधानी से गाड़ियां चला रहे थे। शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक एक ट्रक चालक नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से टकरा गया। उनके पीछे गाड़ियों की लंबी कतार थी। गीली सड़क पर चालक ब्रेक नहीं लगा पाए और नियंत्रण खोकर आगे चल रही गाड़ियों से टकराते चले गए।

इधर, दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर से आग लग गई। तेज हवाओं के कारण कम से कम एक दर्जन से अधिक गाड़ियां धू-धू कर जलने लगीं। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। साढ़े सात घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि आग से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हादसे में टोक्यो की रहने वाली 77 वर्षीय एक बुज़ुर्ग महिला की मौत हुई है, यह जानकारी गुनमा प्रांत की हाईवे पुलिस ने दी। 26 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें से पांच की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।

क्रिसमस की छुट्टियों के चलते कई लोग घूमने निकले थे। पुलिस के अनुसार, उसी दौरान यह दुर्घटना हुई। शुक्रवार देर रात भारी बर्फबारी की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की थी। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। एक्सप्रेसवे से मलबा हटाने का काम जारी है, जिसके कारण एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्से अब भी बंद हैं।

Prev Article
बांग्लादेश में हिंदू हत्या पर भारत ने दिखाए सख्त तेवर, अब अनदेखी नहीं होगी

Articles you may like: