सागरद्वीपः गंगासागर मेले में पिछले 15 दिनों में पॉकेटमारी की 456 घटनाएं हुई जिनमें 438 घटनाओं का निपटारा कर उन लोगों के पॉकेटमारी हुए सामान बरामद कर लिए गए हैं। जिनकी पॉकेटमारी हुई थी। विभिन्न अपराध के मामले में अब तक 895 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
6632 लोग बिछड़ेः
एक जनवरी से अब तक गंगासागर मेले में 6632 लोग अपनों से बिछड़ गए थे जिनमें 6627 लोगों को उन्हें उनके परिजनों से मिलवा दिया गया। मंत्री अरुप विश्वास ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि बिछड़े हुए लोगों को मिलवाने में समाज सेवी संगठनों, पुलिस-प्रशासन की भूमिका रही। उन्होंने इसके लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
11 लाख तीर्थयात्रियों को मिला प्रमाण-पत्रः
सागर मेले में पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों में बंधन प्रकल्प के जरिए 11 लाख लोगों ने फोटो वाला प्रमाण-पत्र हासिल किया। मेले में बंधन के 15 बूथ बनाए गए हैं।
शांति का मिसाल बना सागर मेलाः सांसद
मथुरापुर के सांसद बापी हाल्दार ने बताया कि गंगासागर मेला शांति का मिसाल बन गया और यह सफलता मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अनुप्रेरणा से ही संभव हो पाया है। मेला एक मिसाल कायम करे, इसके लिए ममता बनर्जी मंत्रियों को मेले में सक्रिय कर दिया और खुद नवान्न में बैठकर संचालन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भले ही मेले को राष्ट्रीय दर्जा नहीं दिला पायी लेकिन ममता बनर्जी ने गंगासागर मेले को दुनियाभर में एक अलग पहचान बना दी। मेले में अब तक कोई हादसा नहीं हुआ। दुनियाभर से लोग यहां आकर सुखद अनुभव कर वापस लौट रहे हैं।