सागरद्वीपः बाबा कपिलमुनि की तपोभूमि, पापों से मुक्ति और मोक्ष स्थल गंगासागर में अबतक 85 लाख से ज्यादा लोगों का समागम हो चुका है। यह आंकड़ा एक जनवरी से 14 जनवरी की शाम 3 बजे तक का है। बुधवार को मेले में हार्ट अटैक से एक व्यक्ति की मौत हुई है। मृतक की पहचान मीठू मंडल(51) है, जो असम के निवासी थे। अब तक मेले में विभिन्न अपराध के मामले में 772 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पॉकेटमारी की 272 घटनाएं हुई हैं। बुधवार की शाम एक संवाददाता सम्मेलन में मंत्री अरुप विश्वास ने बताया कि मेले की उत्तम व्यवस्था से तीर्थयात्रियों को खुशियां इजहार करते देखा गया। पुण्य स्नान के बाद तीर्थयात्रियों को 'ममता बनर्जी जिन्दाबाद-दीदी जिन्दाबाद' का उद्घोष सुनाई पड़े। मंत्री अरुप विश्वास ने बताया कि गंगासागर में जिस तरह से तीर्थयात्रियों का सैलाब उमड़ रहा है, ऐसे में व्यवस्था और हाई कर दी गई है। पुलिस-प्रशासन और लगभग 150 समाज सेवी संगठनों के लगभग 10 हजार स्वेच्छा सेवक और सक्रिय हो गए हैं। पॉकेटमारी की 272 घटनाएं हुईं जिनमें 260 का निपटारा कर उनके सामान वापस करवा दिए गए, जिनकी पॉकेटमारी हुई थी। विभिन्न अपराधों के मामले में एक जनवरी से अबतक 772 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मंत्री ने बताया कि सागर प्रहरी के रुप में तीन हजार लोग काम कर रहे हैं, सागर प्रहरी न सिर्फ सागर और सागर तट की स्वच्छता पर काम कर रहे हैं बल्कि बूढ़े-बुजुर्गों को सागर में स्नान कराने में एक अहम भूमिका भी पालन कर रहे हैं।
बिछड़े हुए लोगों को पुलिस-प्रशासन ने मिलवाया
मंत्री अरुप विश्वास ने बताया कि मेले में अबतक 4 हजार 883 लोग अपनों से बिछड़ चुके थे, जिनमें 4 हजार 860 लोगों को उन्हें उनके परिवार से मिलन करा दिया गया।
2 और अस्वस्थ्य, कुल 5
बुधवार को मिलन तीर्थ यानी सागर मेले में 2 लोगों के अस्वस्थ्य होने की खबर है। दोनों की पहचान आशा देवी(50) और प्रेमकांति(72) के रूप में हुई। उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में रेफर किया गया है। मेले में कल 3 लोग अस्वस्थ्य हुए थे।
5 लाख 75 हजार तीर्थयात्रियों को मिला फोटो वाला प्रमाण-पत्रः
मंत्री अरुप विश्वास ने दावा किया है कि राज्य सरकार के बंधन प्रकल्प के तहत अबतक सागर मेले के 5 लाख 75 हजार तीर्थयात्रियों को फोटो वाला प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जा चुका है। फोटो खिंचवाने और प्रमाण-पत्र हासिल करने के लिए बंधन बूथों पर बढ़ती भीड़ की वजह से बुधवार को 2 और बूथ बनाए गए हैं। कुल मिलाकर बंधन के 15 बूथ बनाए गए हैं।