नई दिल्ली : कड़ाके की ठंड से दिल्ली, गुरुग्राम समेत उत्तर भारत के कई हिस्से लगभग जम से गए हैं। मंगलवार के बाद बुधवार को भी राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसके साथ ही उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। घने कोहरे का भी जबरदस्त असर देखने को मिल रहा है जिसके कारण ट्रेन और विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के कई शहरों का तापमान शिमला और मसूरी जैसे पहाड़ी इलाकों से भी कम दर्ज किया गया है।
पहाड़ों से ज्यादा मैदानी इलाकों में ठंड क्यों?
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस समय पहाड़ी इलाकों में आसमान में बादल छाए रहने के कारण तापमान वहीं पर अटका हुआ है। इसी वजह से शिमला का न्यूनतम तापमान करीब 8.8 डिग्री सेल्सियस और मसूरी का लगभग 7.7 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। दूसरी ओर मैदानी इलाकों में आसमान साफ होने और उत्तरी हवाओं के प्रभाव से तापमान तेजी से गिर रहा है। साफ आसमान के कारण विकिरण प्रक्रिया से धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकल रही है जिससे दिल्ली और गुरुग्राम का तापमान लगभग हिमांक तक पहुँच गया है।
कोहरे के कहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त
भीषण ठंड के साथ-साथ घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सड़क और रेल मार्गों पर यात्रा करना बेहद खतरनाक हो गया है। गुरुग्राम के कई इलाकों में खेतों की फसलों और वाहनों के शीशों पर बर्फ की परत जमने की खबरें सामने आई हैं। इसके अलावा हिमालय से सटे कई क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर भारत के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।