🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

SSC ने ग्रुप C-D भर्ती परीक्षा की तारीखें घोषित की, कब होगा इम्तिहान?

एसएससी ने जारी किया नोटिफिकेशन, 8,477 पदों के लिए 16 लाख से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में।

By श्वेता सिंह

Jan 30, 2026 00:18 IST

कोलकाताः नवम-दशम और एकादश–द्वादश कक्षाओं की परीक्षाएं समाप्त होते ही अब स्कूल शिक्षा विभाग में गैर-शिक्षक कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। पश्चिम बंगाल स्कूल सर्विस कमीशन (SSC) ने गुरुवार को ग्रुप C और ग्रुप D भर्ती परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान कर दिया।

एसएससी द्वारा जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, ग्रुप C की भर्ती परीक्षा 1 मार्च को दोपहर 12 बजे से आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 1 घंटे 50 मिनट की होगी। वहीं, ग्रुप D के पदों के लिए परीक्षा 8 मार्च को होगी, जिसकी अवधि 1 घंटा 20 मिनट तय की गई है।

आयोग के सूत्रों के मुताबिक, इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 8,477 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें ग्रुप C के 2,989 पद और ग्रुप D के 5,488 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए अभूतपूर्व प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है, क्योंकि लगभग 16 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है।

गौरतलब है कि शिक्षक और शिक्षाकर्मी भर्ती से जुड़े घोटाले के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2016 के पूरे पैनल को रद्द कर दिया था। इस फैसले के चलते करीब 26 हजार शिक्षक और शिक्षाकर्मी अपनी नौकरियों से हाथ धो बैठे थे। इसके बाद से राज्य में नई भर्ती प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से इंतजार चल रहा था।

हालांकि, नवम–दशम और एकादश–द्वादश कक्षाओं के शिक्षक पदों की परीक्षा पहले ही हो चुकी है। एकादश–द्वादश के लिए शिक्षक भर्ती की अंतिम सूची 21 जनवरी को जारी कर दी गई है, लेकिन अब तक काउंसलिंग की तारीख घोषित नहीं की गई है। इसी बीच ग्रुप C और D की परीक्षा तिथियों के ऐलान से उम्मीदवारों में नई उम्मीद जगी है।

Prev Article
BHU में जलवायु-सहिष्णु कृषि पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन
Next Article
भारत का "परीक्षा पे चर्चा" गिनीज बुक में दर्ज

Articles you may like: