पिछले लगभग डेढ़ महीने से ज्वाएंट बोर्ड के चेयरमैन का पद खाली पड़ा हुआ है। आखिरकार शिक्षा विभाग ने बता दिया है कि कौन पश्चिम बंगाल ज्वाएंट एंट्रांस (WBJEE) बोर्ड का चेयरमैन बनने वाला है। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार कल्याणी विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के अध्यापक गौतम पाल को WBJEE बोर्ड का चेयरमैन बनाया जा रहा है।
वर्तमान में गौतम पाल राज्य के प्राथमिक शिक्षा परिषद के अध्यक्ष के पद पर हैं। उनसे पहले WBJEE की चेयरपर्सन सोनाली चक्रवर्ती बंद्योपाध्याय थी। लेकिन रवींद्रभारती विश्वविद्यालय के उपाचार्य का पद संभालने के बाद उन्होंने WBJEE के चेयरपर्सन का पद छोड़ दिया था। उसके बाद से ही यह पद रिक्त पड़ा हुआ था।
राज्य में विभिन्न बोर्ड की 12वीं स्तर की परीक्षाएं शुरू हो गयी हैं लेकिन इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के लिए WBJEE की परीक्षा अभी तक नहीं हुई है। न ही परीक्षा की तारीख की घोषित की गयी है और न ही परीक्षा का फॉर्म ही भरा गया है। ऐसे में परीक्षा के शुरू होने को लेकर संशय बना हुआ है। इस साल राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
ऐसी स्थिति में परीक्षा के टलने की संभावना और भी ज्यादा हो गयी है जिसका असर निश्चित रूप से परीक्षार्थियों के भविष्य पर भी पड़ेगा। सोमवार को मीडिया से बात करते हुए गौतम पाल ने स्वीकार किया कि उन्हें WBJEE चेयरमैन का पदभार संभालने का पत्र मिल चुका है। जल्द ही वह अपनी जिम्मेदारियां भी संभाल लेंगे।