उदयपुरः इंडियन इंस्टीच्यूट ऑफ मैनेजमेंट उदयपुर ( Indian Institute of Management Udaipur) ने प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने नए बीबीए (BBA) प्रोग्राम की शुरुआत की घोषणा की है। इसके साथ ही संस्थान ने पहली बार स्नातक स्तर (अंडरग्रेजुएट) की पढ़ाई में प्रवेश किया है। 2026 बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है।
यह चार वर्षीय प्रोग्राम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप एक लचीले और डिजिटल-फर्स्ट मॉडल पर तैयार किया गया है। इसकी संरचना मॉड्यूलर है, जिससे विद्यार्थियों को एक ही शैक्षणिक यात्रा में अलग-अलग चरणों पर प्रमाणपत्र प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। पहले वर्ष के बाद सर्टिफिकेट, दूसरे वर्ष के बाद डिप्लोमा, तीसरे वर्ष के बाद बीबीए डिग्री और वैकल्पिक चौथे वर्ष के बाद बीबीए (ऑनर्स) की उपाधि दी जाएगी।
इस प्रोग्राम की खास पहचान इसका द्विभाषी शिक्षण मॉडल है। शिक्षण की प्राथमिक भाषा हिंदी रखी गई है, जबकि अध्ययन सामग्री और रिकॉर्डेड संसाधन हिंदी के साथ अंग्रेजी में भी उपलब्ध होंगे। यह व्यवस्था हिंदी भाषी विद्यार्थियों को सहज अवसर प्रदान करती है, वहीं अन्य भाषाई पृष्ठभूमि के छात्र भी आईआईएम की विश्वसनीय शिक्षा तक पहुंच बना सकेंगे।
संस्थान के निदेशक प्रो. अशोक बनर्जी के नेतृत्व में यह पहल गुणवत्ता और पहुंच-दोनों को साथ लेकर चलने की सोच को दर्शाती है। उनका मानना है कि प्रतिभा को भाषा, स्थान या परिस्थितियों के कारण सीमित नहीं होना चाहिए, और यही दृष्टिकोण इस नए बीबीए प्रोग्राम में परिलक्षित होता है।
यह कोर्स हाल ही में स्कूल शिक्षा पूरी करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ उन शिक्षार्थियों के लिए भी उपयुक्त है जो लचीले ढंग से प्रबंधन शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं। पढ़ाई का मॉडल फैकल्टी द्वारा तैयार रिकॉर्डेड लेक्चर, लाइव ट्यूटोरियल, मास्टरक्लास, चर्चा मंच का आयोजन किया जायेगा। इसके साथ ही निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित निगरानी युक्त परीक्षाओं का संयोजन होगा, जिससे शैक्षणिक विश्वसनीयता बनी रहे।
2026 बैच के लिए प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 है, जबकि कक्षाएं 6 जुलाई 2026 से शुरू होंगी। किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 12 या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। सभी विषयों और एनआईओएस पृष्ठभूमि के छात्र भी पात्र हैं। इस प्रोग्राम के लिए कोई अलग प्रवेश परीक्षा नहीं होगी। प्रवेश पात्रता और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर दिया जाएगा।
फीस संरचना पारदर्शी और चरणबद्ध है, जिसकी शुरुआत पहले वर्ष में ₹50,000 से होती है। मेधावी और आर्थिक रूप से जरूरतमंद छात्रों के लिए मेरिट और मीन्स आधारित छात्रवृत्तियां तथा शुल्क छूट का प्रावधान भी रखा गया है ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अवसर मिल सके।
योग्यता, शुल्क, छात्रवृत्ति और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। नए बीबीए प्रोग्राम के जरिए आईआईएम उदयपुर देशभर के विविध पृष्ठभूमि वाले छात्रों तक गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा पहुंचाने की दिशा में एक नया अध्याय शुरू कर रहा है।