पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक काउंसिल के अध्यक्ष के पद से चिरंजीव भट्टाचार्य (Chiranjib Bhattacharya) को हटा दिया गया है। इस पद पर उनकी मियाद खत्म होने से पहले ही उन्हें हटाकर किसी और को यह जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। किसे सौंपी जा रही है अगली जिम्मेदारी?
मिली जानकारी के अनुसार 2 मार्च को पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक काउंसिल (WBCHSE) के अध्यक्ष के तौर पर पार्थ कर्मकार अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। वर्तमान में वह पश्चिम बंगाल बोर्ड ऑफ प्राइमरी एडुकेशन (WBBPE) के डेप्यूटी सेक्रेटरी की जिम्मेदारी संभालते हैं।
उन्हें उच्च माध्यमिक काउंसिल के अध्यक्ष के पद से हटा दिया जा रहा है, इस बात की जानकारी मिलते ही चिरंजीव भट्टाचार्य काफी निराश नजर आए। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यजनक करार दिया। उन्होंने बताया कि उनके विकल्प के तौर पर किसे लाया जा रहा है इस बाबत भी उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गयी है।
चिरंजीव भट्टाचार्य ने कहा कि सरकार की ओर से धन्यवाद मिलने की उम्मीद की थी। उसके बदले कुछ और ही ऑर्डर मिला। इसकी उम्मीद नहीं की थी। जिस समय रिजल्ट घोषित होगा, तब मेरा यहां होना जरूरी था। गौरतलब है कि देश में पहली बार स्कूली शिक्षा में सेमेस्टर पद्धति को चिरंजीव भट्टाचार्य के कार्यकाल में ही लागू किया गया।
इस बारे में उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकाल की मियाद अगस्त तक थी। सरकार ने जो ठीक समझा वहीं किया। मानसिक रूप से थक गया हूं। 6 उच्च माध्यमिक की परीक्षाएं करवायी हैं। सफलता पूर्वक ही उनका संचालन किया है।
बता दें, उच्च माध्यमिक काउंसिल के चेयरमैन होने के साथ-साथ चिरंजीव भट्टाचार्य जादवपुर यूनिवर्सिटी के उपाचार्य भी हैं। पिछले साल नवंबर में ही उन्हें जादवपुर यूनिवर्सिटी का स्थायी उपाचार्य नियुक्त किया गया था। इस बारे में चिरंजीव भट्टाचार्य ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि कुछ दिनों की छुट्टी पर जाऊंगा। उसके बाद ही जादवपुर यूनिवर्सिटी के उपाचार्य पद को लेकर फैसला लूंगा।
गौरतलब है कि इस साल उच्च माध्यमिक का रिजल्ट मई के पहले सप्ताह में घोषित हो सकता है। काउंसिल के आधिकारिक वेबसाइट पर ही रिजल्ट को जारी किया जाएगा। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि 2 मार्च से उच्च माध्यमिक काउंसिल के चेयरमैन की जिम्मेदारी पार्थ कर्मकार अगले आदेश तक संभालेंगे। पर अचानक क्यों चिरंजीव भट्टाचार्य को इस पद से हटाने का फैसला लिया गया? इस बारे में जानकारों के मन में सवाल जरूर उठ रहे हैं।