SSKM अस्पताल के ट्रॉमा केयर यूनिट से लाखों रुपए के मेडिकल यंत्र चोरी होने का मामला सामने आया था। घटना के लगभग 4 दिनों बाद पुलिस ने इस मामले में शामिल आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम प्रणव हल्दार है जो एक ऑर्थोपेडिक इम्प्लांट आपूर्ति करवाने वाली कंपनी का पूर्व कर्मचारी है। उक्त कंपनी का परिचय पत्र दिखाकर ही अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में घुसकर चोरी करने का आरोप लगाया गया है।
इससे पहले उक्त युवक ने ऐसी कोई काम किया था या नहीं इस बारे में भी भवानीपुर थाना की पुलिस पता कर रही है। अस्पताल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत सोमवार की सुबह करीब 8 बजे भारप्राप्त नर्स ने गौर किया कि ऑर्थोपेडिक इम्प्लांट समेत काफी मेडिकल सामान चोरी हो गए हैं। हालांकि उन सामानों को अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दक्षिण 24 परगना जिले के कुल्पी निवासी प्रणव की पहचान की गयी। पता चला कि उक्त व्यक्ति अस्पताल का कोई नहीं था लेकिन अस्पताल के कर्मचारियों के साथ उसके काफी नजदीकी संपर्क रहे हैं। इससे पहले वह अस्पताल में ऑर्थोपेडिक इम्प्लांट सामग्रियों की आपूर्ति के लिए आवाजाही करता रहा है।
जांच अधिकारियों से कंपनी ने कहा कि उक्त युवक अब उनकी कंपनी ने काम नहीं करता है। हालांकि पुलिस का दावा है कि घटना वाले दिन कंपनी का परिचय पत्र दिखाकर ही युवक अस्पताल में घुसा था।