कोलकाता : कोलकाता में मौसम का बदला मिजाज, धुंध और कोहरे से जनजीवन प्रभावित। पिछले तीन-चार दिनों के भीतर पश्चिम बंगाल, विशेषकर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मौसम ने एक साथ कई रंग दिखाए हैं। दिन में जहां तेज धूप खिली रहती है और तापमान सामान्य से अधिक महसूस हो रहा है, वहीं सोमवार की रात और मंगलवार की सुबह हल्की छिटपुट बारिश ने मौसम को अचानक बदल दिया। इसके बाद आज सुबह शहर ने ऐसा दृश्य देखा मानो सर्दियां लौट आई हों।
सुबह से ही घना धुंध और कोहरा छाया रहा। नवंबर, दिसंबर और जनवरी में आमतौर पर दिखने वाला कोहरा इस समय देखने को मिला, जो मौसम में असामान्य बदलाव का संकेत दे रहा है। सुबह का वातावरण पूरी तरह सर्दियों जैसा प्रतीत हो रहा था। शहर के कई इलाकों में दृश्यता घटकर मात्र 50 से 60 मीटर रह गई। परिणामस्वरूप वाहन चालकों को दिन के उजाले में भी हेडलाइट और डीपर लाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े।
कोहरे की घनी चादर के कारण दूर स्थित ऊंची इमारतें और बड़े भवन लगभग ओझल हो गए। सड़कों पर यातायात धीमी गति से चलता रहा और लोगों को दफ्तर व अन्य कार्यस्थलों तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगा। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि वातावरण में नमी और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है।
लगातार बदलते मौसम ने नागरिकों को हैरान कर दिया है और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी सावधानी बरतने की सलाह दी है।