🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

बोलीविया की राजधानी के पास रुपयों से भरा वायुसेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त, 15 की मौत, 30 घायल

कई वाहन चपेट में; खराब मौसम बना हादसे की वजह? सड़क पर बिखरे बैंकनोट उठाने के लिए मची अफरा-तफरी। उन्हें हटाने के लिए पुलिस ने लिया वॉटर कैनन का सहारा।

By डॉ. अभिज्ञात

Feb 28, 2026 08:29 IST

ला पाज़ (बोलीविया): बोलीविया की राजधानी ला पाज़ के पास एल आल्टो शहर में शुक्रवार को वायुसेना का हरक्यूलिस कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है। राहत और बचाव दल आग बुझाकर विमान में मौजूद लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।

विमान सेंट्रल बैंक से नए छपे बैंकनोट अन्य शहरों में ले जा रहा था। दुर्घटना के बाद बड़ी मात्रा में नकदी घटनास्थल पर बिखर गई। व्यस्त हाईवे पर गिरने से करीब 15 वाहन इसकी चपेट में आ गए और आसपास की गाड़ियों, मकानों व सड़क को भी नुकसान पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के अनुसार विमान पहले कई वाहनों से टकराया और फिर पास के एक मैदान में जा गिरा। सड़क पर विमान के टुकड़े और क्षतिग्रस्त वाहन बिखरे दिखाई दिए। हादसे के समय विमान उड़ान भर रहा था या उतर रहा था, इस बारे में अलग-अलग जानकारी सामने आई है।

फायर चीफ पावेल तोवार ने बताया कि राहत दल ने आग पर काबू पा लिया है और घायलों को निकालने का काम किया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक विमान में सवार थे या सड़क पर मौजूद लोगों में शामिल थे।

नकदी बिखरने की खबर फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने जमीन पर पड़े नोट उठाने शुरू कर दिए, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए दंगा-रोधी पुलिस को वॉटर कैनन का सहारा लेना पड़ा। एहतियातन हवाई अड्डे से आने-जाने वाली उड़ानें कुछ समय के लिए स्थगित कर दी गईं।

प्रारंभिक जांच में खराब मौसम को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि विमान में मौजूद कुल लोगों और नकदी की सटीक मात्रा की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Prev Article
तालिबानी नेता अखुंदजादा की मौत? पाकिस्तानी हमलों के बाद अटकलें बढ़ीं

Articles you may like: