हावड़ा: 48 घंटे बाद भी हावड़ा के पिलखाना में व्यापारी हत्या मामले के मुख्य अभियुक्त हारुन खान को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पुलिस की भूमिका को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। शुक्रवार को इस मामले की जांच सीआईडी को सौंप दी गई। जानकारी मिली है कि शनिवार को घटना की जांच के लिए सीआईडी की एक टीम घटनास्थल पर जा सकती है।
गुरुवार को ही हावड़ा के पिलखाना इलाके के व्यापारी शफीक खान की हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था पुलिस ने। गोलाबाड़ी थाने की पुलिस और हावड़ा सिटी पुलिस की खुफिया टीम ने तीन लोगों को पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहम्मद बिलाल (36) उर्फ रिंकू, जो कोलकाता के जोड़ासांको थाना क्षेत्र के कलाबागान इलाके का निवासी है। अन्य दो हैं मोहम्मद वाकिल (32) उर्फ मुन्ना और दिलदार हुसैन (32)।
हालांकि इस मामले में अब तक मुख्य अभियुक्त हारुन खान और रोहित हुसैन शनिवार रात तक फरार बताए जा रहे हैं। व्यापारी की हत्या के बाद पिलखाना इलाके में कई बार स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस असली अपराधियों को क्यों नहीं पकड़ रही, इसको लेकर भी सवाल उठाए गए। प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े होने के बाद ही इस मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले बुधवार सुबह पिलखाना मोड़ पर व्यापारी शफीक खान को प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।