बेंगलुरु : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सत्र को लेकर कर्नाटक क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के सचिव संतोष मेनन ने पुष्टि की है कि एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इसके अलावा एक प्लेऑफ मुकाबला भी इसी मैदान पर आयोजित होगा।
संतोष मेनन के अनुसार, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने पांच लीग मुकाबले बेंगलुरु में खेलेगी। उद्घाटन समारोह, पहला मुकाबला, पांच लीग मुकाबले, एक प्लेऑफ मुकाबला और फाइनल सभी मुकाबलों के साथ चिन्नास्वामी स्टेडियम फिर से आईपीएल के रोमांच का केंद्र बनेगा। शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा जल्द ही होने की संभावना है।
हालांकि आरसीबी के दो अन्य घरेलू मुकाबले छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
आरसीबी प्रबंधन ने कर्नाटक सरकार, केएससीए और कर्नाटक पुलिस का आभार व्यक्त किया है। टीम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राजेश मेनन ने कहा कि चिन्नास्वामी स्टेडियम केवल घरेलू मैदान नहीं बल्कि टीम की पहचान का केंद्र है। यहां के दर्शकों का उत्साह खिलाड़ियों के प्रदर्शन में नई ऊर्जा भरता है।
गौरतलब है कि जून पिछले वर्ष आईपीएल 2025 खिताब जश्न के दौरान भगदड़ की घटना में 11 लोगों की मौत और कई के घायल होने के बाद इस मैदान पर क्रिकेट गतिविधियां निलंबित कर दी गई थीं। अब सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के बाद बड़े मुकाबलों की मेजबानी की तैयारी पूरी कर ली गई है।
आईपीएल 2026 में बेंगलुरु एक बार फिर क्रिकेट के सबसे बड़े मंच का साक्षी बनने जा रहा है।