टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान का हाल बेहाल रहा। उनकी टीम सेमीफाइनल में जगह बनाने में असफल रही। कई पाकिस्तानी खिलाड़ियों का टूर्नामेंट में प्रदर्शन औसत रहा। इसी वजह से खबर सामने आ रही थी कि अब पाक टीम से बड़े प्लेयर्स का पत्ता कटेगा। बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया है। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में निराश करने वाले 5 बड़े खिलाड़ियों को अपने वनडे स्क्वाड में जगह नहीं दी है।
पाकिस्तान टीम के सबसे बड़े खिलाड़ी बाबर आजम को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है। उनका टी20 वर्ल्ड कप 2026 काफी निराशाजनक साबित हुआ था। उन्हें टीम से हटाए जाने की बात की जा रही थी और सिलेक्टर्स ने उन्हें टूर्नामेंट के तुरंत बाद बाहर कर दिया।
सैम अयूब पाकिस्तान के युवा ऑलराउंडर हैं। ओपनर होने के बावजूद अयूब ने 6 मैचों में मात्र 70 रन बनाए। वो बेहद खराब फॉर्म में नजर आए। इसी वजह से टूर्नामेंट के बीच उनकी जगह फखर जमान ओपनिंग करने लगे। बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज से उन्हें बाहर कर दिया गया।
शादाब खान के लिए टी20 वर्ल्ड कप किसी बुरे सपने की तरह साबित हुआ। उन्होंने गेंद और बल्ले से उम्मीद अनुसार प्रदर्शन नहीं किया। उन्हें भी टीम से हटाए जाने की मांग की जा रही थी। बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में शादाब को चांस नहीं मिला।
मोहम्मद नवाज पाकिस्तान की वनडे टीम का अहम हिस्सा थे और नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ आखिरी बार एकदिवसीय क्रिकेट खेलते हुए नजर आए थे। टी20 वर्ल्ड कप में नवाज 7 मैचों में मात्र 7 विकेट झटक पाए। खराब फॉर्म को देखते हुए उन्हें वनडे स्क्वाड से हटा दिया गया।
फखर जमान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मात्र 3 मैच खेले। अगर उनकी 84 रन की पारी को हटा दिया जाए, तो दो मैचों में वो अच्छे टच में नजर नहीं आए। बताया जा रहा है कि जमान को चोट आई है। इसी वजह से उन्हें वनडे सीरीज से निकालने का फैसला किया गया है।
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान का स्क्वाड: शाहीन अफरीदी (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फैसल अकरम, हारिस रऊफ, हुसैन तलत, माज सदाकत, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद वसीम जूनियर, मोहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), साद मसूद, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा और शमील हुसैन।