मुंबई : आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम को लेकर भरोसे का माहौल है। भारतीय पुरुष टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के बचपन के कोच अशोक असवालकर ने वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार को खेले जाने वाले इस अहम मैच में भारत की जीत का विश्वास जताया है।
डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस जीत को ‘करो या मरो’ मुकाबला बताते हुए असवालकर ने कहा कि टीम ने बड़ी बाधा पार कर ली है और अब आगे की राह अपेक्षाकृत आसान होगी। उनके अनुसार वेस्टइंडीज के खिलाफ दबाव अधिक था लेकिन सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद खिलाड़ी मानसिक रूप से हल्का महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने माना कि अब तक टीम का बल्लेबाजी गेंदबाजी और फील्डिंग में सामूहिक रूप से परफेक्ट प्रदर्शन नहीं दिखा है। खासतौर पर गेंदबाजी दबाव में नजर आई लेकिन अब सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद वह दबाव भी खत्म हो गया है। असवालकर का मानना है कि दबावमुक्त होकर खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुरूप सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
सूर्यकुमार यादव के फॉर्म को लेकर भी उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाया। टूर्नामेंट में अमेरिका के खिलाफ नाबाद 84 रन की पारी को छोड़कर सूर्यकुमार संघर्ष करते दिखे हैं। इस पर उनके कोच ने सलाह दी कि वे अपना स्वाभाविक खेल खेलें और शुरुआत में एकल-दोहरे रन लेकर पारी को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि सूर्य जैसे खिलाड़ी कुछ गेंदों पर कम रन बनाकर भी अचानक तेजी से मैच का रुख बदल सकते हैं।
असवालकर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू सैमसन की मैच जिताऊ पारी की भी सराहना की और विश्वास जताया कि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भी भारतीय बल्लेबाज निर्णायक भूमिका निभाएंगे।