पर्थ : भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। अनुभवी तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर को वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत इस मुकाबले से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज काश्वी गौतम को टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पर्थ के वाका ग्राउंड में शुक्रवार से शुरू होने वाले डे-नाइट (पिंक बॉल) टेस्ट में रेणुका चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगी। मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर करीबी नजर रखेगी। रेणुका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीनों टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों और तीन में से दो वनडे मुकाबलों में हिस्सा लिया था। टी20 श्रृंखला में उन्होंने चार विकेट झटके, जबकि दो वनडे मैचों में एक विकेट हासिल किया।
मल्टी-फॉर्मेट सीरीज में भारत ने टी20 चरण 2-1 से अपने नाम किया था लेकिन वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 3-0 से क्लीन स्वीप कर 8-4 की अजेय बढ़त बना ली है। ऐसे में टेस्ट मैच भारतीय टीम के लिए प्रतिष्ठा बचाने का अवसर होगा।
महिला चयन समिति ने काश्वी गौतम को रेणुका के स्थान पर शामिल किया है। काश्वी पहले से ही वनडे टीम का हिस्सा थीं और अब उन्हें टेस्ट में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
एकमात्र टेस्ट के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, प्रतिका रावल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, स्नेह राणा, सयाली सतघरे, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, काश्वी गौतम और वैष्णवी शर्मा।
भारतीय टीम अब इस अहम मुकाबले में संतुलित प्रदर्शन कर श्रृंखला का समापन सकारात्मक नोट पर करना चाहेगी।