कोलकाता : रविवार की छुट्टी का असर आज अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले में साफ देखने को मिला। पिछले दिनों की तुलना में आज पुस्तक प्रेमियों की संख्या में जबरदस्त इजाफा दर्ज किया गया। मेले की आधिकारिक जानकारी के अनुसार आज लगभग चार लाख पाठक और दर्शक अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले में पहुंचे।
पूरे मेले के दौरान कई नई पुस्तकों का लोकार्पण किया गया। साथ ही अनेक नए और प्रतिष्ठित लेखक अपने-अपने प्रकाशकों के स्टॉल पर पाठकों से रूबरू होते नजर आए। विभिन्न प्रकाशकों के स्टॉल पर पाठकों की भारी भीड़ देखने को मिली जहां लोग अपनी पसंदीदा पुस्तकों की नई प्रतियां खरीदने के साथ-साथ लेखकों से हस्ताक्षर लेने के लिए लंबी-लंबी कतारों में घंटों खड़े दिखाई दिए। प्रसिद्ध लेखिका शोभा डे भी रूपा पब्लिकेशन के स्टॉल पर मौजूद रहीं, जहां पाठकों में उन्हें लेकर खासा उत्साह देखा गया।
आज के प्रमुख आकर्षणों में समाचार एई समय के स्टॉल नंबर 198 पर बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार प्रसेनजीत चटर्जी की मौजूदगी रही। दोपहर करीब 3 बजे वे स्टॉल पर पहुंचे और वहां आयोजित एक लाइव कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसी दौरान भारत सरकार द्वारा उन्हें पद्मश्री पुरस्कार दिए जाने की घोषणा भी की गई जिसे लेकर प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
प्रसेनजीत चटर्जी ने समाचार एई समय के स्टॉल पर लगभग 40 मिनट बिताए। उन्हें देखने और मिलने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसी बीच एक छोटी बच्ची काफी देर तक उनको देखने के लिए स्टॉल के पास खड़ी रही और उनसे गले मिलने का आग्रह करने लगी। प्रसेनजीत चटर्जी ने बच्ची की भावनाओं का सम्मान करते हुए उसे गले लगाया और आशीर्वाद दिया। इस पल के बाद बच्ची बेहद भावुक हो गई और उसकी खुशी देखते ही बन रही थी।