कोलकाता : आज कोलकाता अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले पाँचवे दिन में पत्र भारती प्रकाशन की ओर से लेखक अभिक सरकार की नई पुस्तक काक चोंख (कौवे की आंख) का आधिकारिक विमोचन किया गया। यह कार्यक्रम शाम 4 बजे पत्र भारती के स्टॉल नंबर 189 के पास आयोजित हुआ जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पाठक वर्ग और लोग जुटे।
विमोचन समारोह में बांग्ला सिनेमा के लोकप्रिय मीर, गोधूलि और पब्लिशर एंड बुक सेलर गिल्ड के सचिव त्रिदीब कुमार चटर्जी विशेष रूप से उपस्थित थे। मीर और गोधूलि ने लेखक अभिक सरकार के साथ जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पिछले दो-तीन महीनों से वह लगातार उनसे फोन पर पूछती रहती थीं कि कहानी कितनी आगे बढ़ी, कितने पन्ने लिखे गए और किताब कब प्रकाशित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि एक समय ऐसा लग रहा था कि शायद इस बार पुस्तक मेला आने से पहले किताब प्रकाशित नहीं हो पाएगी।
पुस्तक विमोचन के दौरान मीर ने कहा कि वह न तो केंद्र सरकार और न ही राज्य सरकार पर कोई टिप्पणी करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह केवल लेखक अभिक सरकार और उनकी रचनात्मकता के बारे में ही बात करेंगे। उनके इस बयान को उपस्थित दर्शकों ने सराहना के साथ सुना।
इस कार्यक्रम में बांग्ला अभिनेता परमब्रत चटर्जी के शामिल होने की भी चर्चा थी लेकिन निजी कारणों से वे कार्यक्रम में नहीं आ सके। वहीं त्रिदिब कुमार चटर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि यह मंच पूरी तरह लेखक और उनकी पुस्तक को समर्पित है। इसके बाद अतिथियों ने संयुक्त रूप से पुस्तक का विमोचन किया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पाठक और लेखक के प्रशंसक मौजूद रहे। लोग लंबी कतारों में खड़े होकर लेखक और अतिथियों को देखने तथा ऑटोग्राफ लेने के लिए उत्साहित नजर आए। पूरे कार्यक्रम में साहित्य और पाठकों का उत्साह साफ दिखाई दिया।