कोलकाता : कोलकाता अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले का आज छठा दिन रहा और मेले में विदेशी प्रकाशकों के स्टॉलों पर पाठकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। कुल 21 विदेशी प्रकाशकों के स्टॉल मुख्य रूप से मुख्य गेट नंबर एक और दो के बीच लगाए गए हैं। इन सभी में फ्रांस का स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। गेट नंबर दो के पास स्थित एफ-8 नंबर का यह स्टॉल फ्रांस के दूतावास के सहयोग से लगाया गया है और इसे नई दिल्ली स्थित गोयल पब्लिकेशंस के साथ समन्वय में संचालित किया जा रहा है।
फ्रांस के स्टॉल में मुख्य रूप से फ्रेंच भाषा और अन्य यूरोपियन देशों की पुस्तकों का बड़ा संग्रह उपलब्ध है। खास बात यह रही कि जहां अन्य कई विदेशी स्टॉलों पर पुस्तकें केवल प्रदर्शन के लिए थीं वहीं फ्रांस के स्टॉल पर अधिकांश पुस्तकें बिक्री के लिए उपलब्ध रहीं। यहां भाषा सीखने की शुरुआती वर्णमाला से लेकर उच्च शिक्षा और विदेश में अध्ययन से जुड़ी पुस्तकों तक की व्यापक श्रृंखला देखने को मिली।
स्टॉल संचालकों के अनुसार यह स्टॉल खास तौर पर उन छात्रों और युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो फ्रांस, जर्मनी, रूस और अन्य यूरोपियन देशों में पढ़ाई करने के इच्छुक हैं। विदेशी विश्वविद्यालयों, भाषा संस्थानों और वहां जाने की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी यहां उपलब्ध कराई जा रही है।
गोयल पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स प्राइवेट लिमिटेड, दिल्ली के प्रतिनिधियों ने बताया कि वे वर्ष 1997 से लगातार कोलकाता पुस्तक मेले में भाग ले रहे हैं। उनके स्टॉल पर जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश, जापानी, चीनी, कोरियन, इटालियन और पुर्तगाली भाषाओं की पुस्तकें उपलब्ध हैं। बदलते समय में विदेशी भाषाओं के प्रति बढ़ते रुझान को देखते हुए इस बार भाषा सीखने की पुस्तकों की मांग खास तौर पर बढ़ी है।